टिहरी: गांव में दवा बांटकर लौट रहा स्वास्थ्य कर्मी गधेरे के तेज बहाव में बहा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टिहरी, अमृत विचार। यहां गेंवाली गांव में दवाई बांटकर वापस लौट रहा स्वास्थ्य विभाग का एक कर्मचारी गधेरे में बह गया। एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कामयाबी नहीं मिल पाई।

बीती रात से गेंवाली गांव में अतिवृष्टि से भारी तबाही मची है। आपदा प्रभावित गांव में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने सुबह स्वास्थ्य विभाग की छह सदस्यीय टीम घनसाली से रवाना हुई। गेंवाली गांव का सड़क मार्ग टूटने के कारण विभाग की टीम छह किमी पैदल चलकर गेंवाली गांव पहुंची। गेंवाली गांव में दवाई वितरण करने के बाद शाम को टीम वापस घनसाली लौट रही थी। 

इस दौरान गेंवाल गधेरे में बनी पुलिया बह जाने के कारण एसडीआरएफ ने वहां लकड़ी डालकर आवागन के लिए रास्ता बनाया हुआ है। शाम पांच बजे लगभग स्वास्थ्य विभाग की टीम गधेरे को पार कर रही थी। इसी दौरान टीम में शामिल सैला गांव निवासी खवाड़ा उप स्वास्थ्य केंद्र में संविदा पर वार्ड ब्याय के पद पर तैनात बृजमोहन (55) पुत्र सेब दास उफनते गधेरे में बह गया। बालगंगा के नायब तहसीलदार बीरम सिंह पंवार ने बताया कि अंधेरा होने के कारण रेसक्यू अभियान बंद करना पड़ा। आज फिर उसकी तलाशी के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

संबंधित समाचार