कासगंज : निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरी, दबकर मजदूर की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

मजदूर की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

कासगंज, अमृत विचार। शहर के दीनदयाल पुरम में मकान की दीवार गिर जाने से मलबे में दबकर दिहाड़ी मजदूर की मौत हो गई। मजदूर की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है।

सदर कोतवाली के गांव अजबपुर निवासी 42 वर्षीय जोध सिंह पुत्र रामसिंह दिहाड़ी मजदूर थे। मंगलवार को वह शहर के दीनदयालपुरम कॉलोनी में दीपक शर्मा के यहां निर्माणाधीन मकान के लिए मजदूरी कर रहे थे। दोपहर लगभग 12 बजे अचानक मकान की दीवार गिर गई। मलबे में जोध सिंह दब गए। दीवार गिरते ही मजदूरों में भगदड़ मच गई। आस पास के लोग भी चीखपुकार की आवाज सुन मौके पर पहुंच गए। मजदूरों ने मलबा हटाकर जोध सिंह को बाहर निकाला तो वह गंभीर रुप से घायल थे। उन्हें शहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उन्हें चिकित्सको ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना गांव अजबपुर में परिजनों को मिल चुकी थी। पत्नी रेनू, दामाद टिंकू और ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए थे। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। परिजनों द्वारा दी गई सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर लोकेश भाटी ने मौके का निरीक्षण किया। लोगों से पूछतांछ की। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

नींव की खुदाई करते समय दीवार गिर जाने से मलबे में दबकर 42 वर्षीय जोध सिंह की मौत हो गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में दामाद टिंकू ने तहरीर दी है। आग्रिम कार्रवाई की जा रही है। -विजय सिंह राणा, सदर सीओ।

संबंधित समाचार