गोंडा : प्रसव के बाद प्रसूता की मौत, परिजनों का हंगामा
गोंडा, अमृत विचार : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपिया पर प्रसव के लिए एम्बुलेंस से लायी गयी प्रसूता को भर्ती करने के दूसरे दिन मंगलवार को प्रसव के थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गयी। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पूरा अस्पताल चीख पुकार और चीत्कार से गूंज उठा।नाराज परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों के खिलाफ प्रदर्शन कर नाराजगी व्यक्त की। मौके पर थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय दल बल के साथ पहुंचे और किसी तरह स्थिति को काबू किया।
सोमवार की रात करीब नौ बजे राधिका (24)पत्नी राम अवध निवासी ग्राम पंचायत चारू के मजरा परसा दुल्ला को 102 एम्बुलेंस से प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। मंगलवार को दिन में तीन बजे तक अस्पताल में भर्ती रखा गया।प्रसव के दौरान महिला ने एक बालक को जन्म दिया। प्रसव के करीब एक घंटे बाद प्रसूता की मौत हो गई। पिता प्रेमचंद, जेठ राम सजीवन, पति राम अवध ने बताया कि जब कोई परेशानी थी तो रेफर कर देना चाहिए था। प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने नाराजगी जताई। अस्पताल और स्थानीय लोगों की तरफ से पुलिस को सूचना दी गई।
थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ अमित कुमार ने बताया कि महिला का प्रसव सामान्य ढंग से हुआ। प्रसव के करीब एक घंटे बाद अचानक तबीयत खराब हो गई। प्रसूता को रेफर करने की तैयारी की जा रही थी। उन्होंने बताया कि डा नीरज गुप्ता, डा संजय ने जांच किया तो महिला की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने उच्चाधिकारियों से जांच कर उचित कार्यवाही करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- पत्नी पर चाकू से हमलाकर पति ने खाया जहरीला पदार्थ : ससुराल पहुंचे युवक ने वारदात को दिया अन्जाम
