गोंडा : कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई सिपाही भर्ती परीक्षा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, पांचवें दिन भी अनुपस्थित रहे 2414 अभ्यर्थी

गोंडा, अमृत विचार : सिपाही भर्ती परीक्षा शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हो गई। परीक्षा के पांचवें दिन 2414 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने दोनों पालियों में भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। 

सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए जिले के 13 स्कूलों को केंद्र बनाया गया था। परीक्षा के पांचवें दिन शनिवार को पहली पाली की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से प्रारंभ हुई। परीक्षा से 2 घंटे पहले सुबह 8:00 बजे से अभ्यर्थियों को केंद्रों के भीतर प्रवेश दिया गया। प्रवेश से पहले परीक्षा केंद्र के गेट पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई। पेन व परिचय पत्र के अलावा अन्य कोई भी भी सामग्री केंद्र के भीतर ले जाने पर सख्त मनाही रही। पहली पाली की परीक्षा में 5232 अभ्यर्थियों को शामिल होना था लेकिन 1263 अभ्यर्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे।

पहली पाली में 3969 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन बजे से पांच बजे तक करायी गयी। दूसरी पाली में भी 5232 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 4081 परीक्षार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। दूसरी पाली की परीक्षा से 1151 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। नकल विहीन परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम रहे। दोनों पाली की परीक्षाओं की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी कराई गई। केंद्र के भीतर केंद्र व्यवस्थापक के अलावा स्टेटिक मजिस्ट्रेट व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने लगातार भ्रमणशील रहकर दोनों पालियाों में परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर लगे जिम्मेदार अधिकारियों को सतर्क करते रहे। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्ट्रांग रूम में जमा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण रही। 

पांच दिन में 13131 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा

सिपाही भर्ती परीक्षा में इस बार सख्ती का असर साफ दिखा।‌ पिछली चूक से सबक लेते हुए सरकार की तरफ से इस बार परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम रहे। इस सख्ती के कारण 25% अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए इस बार सिर्फ शहरी क्षेत्र के 13 स्कूलों को केंद्र बनाया गया। परीक्षा भी पांच दिन तक करायी गयी।

सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए जिले में कुल 52320 अभ्यर्थियों को केंद्र आवंटित किया गया था, लेकिन इनमें से 13131 अभ्यर्थी परीक्षा के दौरान अनुपस्थित रहे। पहले दिन 3000, दूसरे दिन 2680 तीसरे दिन 2541, चौथे दिन 2496 व पांचवें दिन की परीक्षा से 2414 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे।

यह भी पढ़ें- बाराबंकी : रोजगार मेले में 329 को मिली नौकरी

 

संबंधित समाचार