अयोध्या: रामपथ पर गणेश पूजा पंडालों का किया अधिकारियों ने किया निरीक्षण, दिये ये जरूरी निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पंडाल से सड़क बाधित न होने व सौहार्द बनाये रखने के दिये निर्देश

अयोध्या, अमृत विचार। गणेश पूजा का महोत्सव आरंभ हो चुका है। सभी मंदिरों के साथ ही तमाम जगहों पर परंपरागत रूप से पंडाल लगाकर भगवान गणेश के पूजन अर्चन का क्रम चल रहा है। रामपथ के निर्माण होने के बाद रामपथ पर स्थापित होने वाले गणेश पूजा पंडालों के निर्माण को लेकर कुछ समस्याएं आ रही थी।

जिसके निस्तारण के लिए अपर जिलाधिकारी नगर सलिल कुमार पटेल, पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन सिंह व केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों और केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने रामपथ पर स्थापित होने वाले गणेश पूजा पंडालों के स्थलों का निरीक्षण किया।
      
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों को पूजा पंडाल के निर्माण में आ रही समस्याओं से अवगत कराया जिस पर एडीएम सिटी और एसपी सिटी ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पूजा पंडाल को इस तरह से बनाएं कि ना तो सड़क बाधित हो और ना ही उस पर आवागमन में कोई समस्या उत्पन्न हो।

इसके अलावा निर्देश दिया कि कोई भी समिति के लोग आपत्तिजनक गाना नहीं बजाएंगे और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखेंगे। केंद्रीय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों को बताया कि अयोध्या नगर के लोग बहुत शांतिप्रिय हैं और मिलजुल कर अपने पर्व को मनाते हैं। उन्होंने पंडाल निर्माण में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

निरीक्षण करने वालों में प्रमुख रूप से केंद्रीय समिति के सहसंयोजक गगन जायसवाल, पुलिस विभाग के समन्वयक जे एन चतुर्वेदी,जोनल प्रमुख बजरंगी साहू, चंदन गुप्ता, घाट निर्माण सह प्रभारी रंजीत शर्मा सहित गणेश पूजा समिति के अभिषेक साहू, गौतम, राकेश सोनकर सहित तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की छठी सूची की जारी, देखें लिस्ट

संबंधित समाचार