नैनीताल: खतरे में पर्यटकों की जान, सालों पुरानी लाइफ जैकेट से कर रहे नौकायन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। देशभर से नैनीताल आने वाले पर्यटकों की जान नौकायन के दौरान खतरे में पड़ सकती है। क्योंकि नौकायन के दौरान पहनी जाने वाली लाइफ जैकेट अपनी उम्र पूरी कर चुकी है। अगर ऐसे में कोई घटना होती है तो पर्यटकों को अपनी जान से हाथ गंवाना पड़ सकता है। नई लाइफ जैकेट की मांग को लेकर नव चालक लंबे समय से नगर पालिका से मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक पालिका प्रशासन से नाव चालकों को लाइफ जैकेट वितरित नहीं की है।

बोट एसोसिएशन से जुड़े सभी नाव चालक पिछले चार साल से नगर पालिका से नई लाइफ जैकेट देने की मांग कर रहे हैं। वर्ष 2021 में नगर पालिका ने नाव चालकों को लाइफ जैकेट वितरित की थी। पिछले चार सालों में यह लाइफ जैकेट पूरी तरह से फट और गंदी हो चुकी हैं। नौकायन करने वाले पर्यटक फटी और पुरानी लाइव जैकेट पहनने से इनकार करते हैं। कई बार लाइफ जैकेट को लेकर पर्यटकों और नाव चालकों के बीच विवाद की स्थिति तक बन जाती है। 

बताया जाता है कि बोट एसोसिएशन ने नगर पालिका को वर्ष 2021 से अब तक करीब 56 लाख 55 हजार रुपये का भुगतान किया है। इसके बावजूद नाव चालकों को नई लाइफ जैकेट नहीं दी जा रही है। वर्ष 2021 में नाव के किराये में वृद्धि हुई थी, जिसके बाद नगर पालिका ने जैकेट की कीमत में भी दोगुनी वृद्धि कर दी। पहले 1,500 जैकेट के लिए 11 लाख 22 हजार रुपये का भुगतान किया जाता था। जिसे बढ़ाकर अब 22 लाख 44 हजार रुपये कर दिया गया है।


नाव चालकों को जैकेट दिये जाने के लिए तीन बार टेंडर जारी किए गए, लेकिन किसी ने टेंडर प्रक्रिया में भाग नहीं लिया। चौथी बार टेंडर प्रक्रिया की जा रही है। ताकि जल्द से जल्द नाव चालकों को नई लाइफ जैकेट दी जा सके।
- पूजा चंद्रा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका नैनीताल


नाव चालक लंबे समय से नई लाइफ जैकेट की मांग कर रहे हैं। अगर जल्द ही उनकी मांग पर विचार नहीं किया गया तो एसोसिएशन के पदाधिकारी मंडलायुक्त दीपक रावत से मुलाकात करेंगे।
- नरेंद्र सिंह चौहान, सचिव बोट एसोसिएशन

संबंधित समाचार