अर्नब की गिरफ्तारी सोनिया-राहुल निर्देशित ‘शर्मनाक कृत्य’: नड्डा
नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने वरिष्ठ पत्रकार अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए बुधवार को इसे कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी निर्देशित शर्मनाक कृत्य करार दिया। नड्डा ने ट्वीट कर कहा, “प्रत्येक व्यक्ति जो प्रेस की आजादी और अभव्यिक्ति की आजादी में विश्वास करता है वह महाराष्ट्र सरकार …
नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने वरिष्ठ पत्रकार अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए बुधवार को इसे कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी निर्देशित शर्मनाक कृत्य करार दिया।
नड्डा ने ट्वीट कर कहा, “प्रत्येक व्यक्ति जो प्रेस की आजादी और अभव्यिक्ति की आजादी में विश्वास करता है वह महाराष्ट्र सरकार की दादागिरी और अर्नब गोस्वामी को प्रताड़ित करने से गुस्से में है। असहमत होने वालों की आवाज दबाने का यह सोनिया और राहुल गांधी निर्देशित कृत्य का एक और उदाहरण है। शर्मनाक!”
पुलिस ने गोस्वामी को 53 वर्षीय एक इंटीरियर डिजाइनर को कथित तौर पर आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में सुबह उनके मुंबई स्थित घर से गिरफ्तार किया था। महाराष्ट्र में शिव सेना, कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की गठबंधन सरकार है जिसका नेतृत्व उद्धव ठाकरे कर रहे हैं।
नड्डा ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि भारत ने आपातकाल के लिए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को माफ नहीं किया, प्रेस की आजादी पर हमले के लिए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को भी कभी माफ नहीं किया। उन्होंने कहा, “और अब पत्रकारों के खिलाफ राज्य की सत्ता का इस्तेमाल किए जाने के लिए भारत, सोनिया और राहुल गांधी को फिर दंडित करेगा।”
कांग्रेस सिर्फ प्रेस ही नहीं न्यायपालिका को भी नहीं छोड़ती
वहीं भारतीय जनता पार्टी ने टीवी पत्रकार अर्नब गोस्वामी के विरुद्ध महाराष्ट्र पुलिस की कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस घटना में शिवसेना के कंधे पर कांग्रेस का हाथ है और उसने प्रेस के साथ साथ न्यायपालिका को भी शिकार बनाया है। भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, “अर्नब गोस्वामी जी के साथ आज जो हुआ है, ये पत्रकारिता जगत के लिए एक काला दिन है। उनके बेटे के ऊपर अटैक करना, उनके घर से उनको घसीट कर ले जाना और वह भी एक ऐसे केस में जो 2018 में बंद हो गया था। अगर आज हम एकजुट नहीं होंगे तो कल बारी हम सबकी है।”
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की ओर इशारा करते हुए कहा, “मुसोलिनी के दाहिने हाथ रह चुके पिता की पुत्री आज जिस प्रकार भारत मे माफियाराज स्थापित कर रही है ये आप सबके सामने है।” उन्होंने कहा मां-बेटे की माफिया सरकार ने सिर्फ प्रेस के ऊपर ही आघात नहीं किया, बल्कि जब इनके पक्ष में फैसला नहीं आता तो ये मुख्य न्यायाधीश को भी नहीं छोड़ते। प्रवक्ता ने कहा, “कंधा तो शिवसेना का है, मगर वो बंदूक, बारूद और सारा कुछ, उन मां-बेटे का है जो हिंदुस्तान में लोकतंत्र को समाप्त करने के लिए लड़ रहे हैं।”
