लखीमपुर खीरी: किसानों ने खोला मोर्चा, विधायक हटाओ निघासन बचाओ के लगे नारे

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पर्चा बहाली की मांग पर दूसरे दिन भी धरने पर बैठे किसान

बेलरायां, अमृत विचार। बिना कारण बताए पर्चा निरस्त करने से आक्रोषित किसानों का धरना दूसरे दिन मंगलवार को भी बेलरायां स्थित सरयू सहकारी चीनी मिल के गन्ना विभाग कार्यालय पर जारी रहा। बड़ी संख्या में किसान और महिलाएं धरने पर बैठ गईं। आक्रोशित लोग विधायक हटाओ निघासन बचाओ के नारे लगाते हुए पर्चा बहाली की मांग करने लगे। 

रविवार को आरओ ने निघासन क्षेत्र 4 के डेलीगेट प्रत्याशी चीनी मिल के पूर्व संचालक विनोद वर्मा का पर्चा बिना कोई कारण बताए निरस्त कर दिया था। इससे आक्रोशित लोग शाम को गन्ना विकास विभाग कार्यालय पर दरा बिछाकर धरने पर बैठ गए थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम निघासन राजीव निगम ने वार्ता कर सुबह नौ बजे समस्या का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया था। इस पर धरना समाप्त कर किसान अपने घरों को लौट गए थे। मंगलवार को बड़ी संख्या में किसान और महिलाएं गन्ना विभाग कार्यालय के सामने पहुंच गईं। नौ बजे तक इंतजार किया, लेकिन न तो एसडीएम मौके पर पहुंचे और न ही कोई सरकारी नुमाइंदा। इससे लोग आक्रोशित हो गए और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों में निघासन विधायक शशांक वर्मा के प्रति काफी रोष देखा गया। उनका कहना है कि विधायक ने आरओ पर दबाव बनाकर पर्चा खारिज कराया है। लिहाजा जब तक इस चुनाव में पारदर्शिता नहीं होती और पर्चा खारिज करने के कारणों की पूरी जानकारी नहीं मिलती। तब तक उनका धरना जारी रहेगा। आंदोलनरत किसान विधायक हटाओ निघासन बचाओ के नारे लगा रहे हैं। किसानों की भीड़ और रोष को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं। मौके पर फायर बिग्रेड समेत भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जगह-जगह बेरिकेडिंग की गई है। प्रभारी निरीक्षक तिकुनिया अमित सिंह भदौरिया घटनाक्रम पर पूरी नजर बनाए गुए हैं। 

धरने पर यह लोग बैठे 
अमनदीप सिंह पूर्व चीनी मिल उपाध्यक्ष दामोदर वर्मा पूर्व प्रधान लालापुर, कुलदीप सिंह केडी पूर्व संचालक चीनी मिल बेलरायां, विकास अग्रवाल निघासन किसान, पिंटू यादव प्रधान नौबना, ज्वाला प्रसाद गुप्ता पूर्व प्रधान रकेहटी, मनोज वर्मा सपा नगर अध्यक्ष निघासन, विपिन मौर्या पूर्व महामंत्री भाजापा मंडल निघासन, कमलेश वर्मा संचालक साधन सहकारी भैडोरी, सुशील वर्मा, किसान नेता सोनू पांडेय, क्रय विक्रय निघासन के संचालक ब्रजलाल यादव, सहकारी संघ हरद्वाही के संचालक आकिब खान,  वीरेंदर वर्मा पूर्व संचालक चीनी मिल बेलरायां, प्रमोद वर्मा पूर्व प्रधान हरद्वाही, भाजपा पूर्व जिलाउपाध्यक्ष दयाशंकर मौर्या, सलीम खान आदि। 

धरना स्थल पर गश खाकर गिरी महिला 
बेलरायां की सरजू सहकारी चीनी मिल के गन्ना कार्यालय के सामने चल रहे धरने में भारी संख्या में महिलाएं भी बैठी हुई हैं। दोपहर करीब 12 बजे इमस भरी गर्मी के बीच एक महिला गश खाकर गिर गई, जिससे धरना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। महिला के मुंह पर पानी की छींटे आदि डालकर किसी तरह से होश में लाया गया

संबंधित समाचार