बरेली: मजनूपुर की दो युवतियों के एलाइजा टेस्ट में डेंगू की पुष्टि
बरेली,अमृत विचार। जिलेभर में डेंगू का डंक जारी है। मजनूपुर की दो लड़कियों के एलाइजा टेस्ट में डेंगू की पुष्टि हुई है। बीते दिनों मजनूपुर में डेंगू की सूचना होने पर सीएमओ डा. विनीत शुक्ल ने कहा था कि जिले में मई में एक डेंगू का मरीज निकला था। उसके बाद से किसी में डेंगू …
बरेली,अमृत विचार। जिलेभर में डेंगू का डंक जारी है। मजनूपुर की दो लड़कियों के एलाइजा टेस्ट में डेंगू की पुष्टि हुई है। बीते दिनों मजनूपुर में डेंगू की सूचना होने पर सीएमओ डा. विनीत शुक्ल ने कहा था कि जिले में मई में एक डेंगू का मरीज निकला था। उसके बाद से किसी में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई। गांव में डेंगू के मरीज होने की बात सरासर गलत है।
इसकी पुष्टि के लिए मजनूपुर में एलाइजा टेस्ट कराया गया जिसमें दो लड़कियों में डेंगू की पुष्टि हुई है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग का डेंगू से कोई मौत न होने का दावा झूठा साबित होता नजर आ रहा है। संभव है कि गांव में हुई कुछ मौतों की वजह डेंगू रहा होगा।
ग्रामीणों के अनुसार, डेंगू से 20 मौत होने की बात सच साबित हो जाएगी। वहीं, गांव में मौजूद सैकड़ों डेंगू मरीज स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलें और बढ़ा सकते हैं। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग डेंगू को रोकने के लिए एंटी लारवा व फॉगिंग अभियान चलाने की बात कह रहा है। विभाग के अनुसार, गांव-गांव में एंटी लारवा का छिड़काव और फॉगिंग करवाई जा रही है। लोगों का कहना है कि गांव में जल निकासी को लेकर कोई प्रबंध नहीं है। जगह-जगह गंदा पानी जमा होने के कारण बीमारियां फैल रही हैं।
निजी अस्पताल में भर्ती हैं करीब डेढ़ सौ मरीज
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के करीब डेढ़ सौ मरीज शहर के निजी अस्पतालों में भर्ती हैं जिनकी रक्त जांच में निजी अस्पताल प्रबंधन डेंगू की पुष्टि बताकर इलाज कर रहे हैं।
