पीलीभीत: धर्मांतरण का आरोप लगाकर हंगामा, दो लोगों को लिया गया हिरासत में

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

भजन संध्या के नाम पर महिलाओं का हो रहा था धर्मांतरण

बरखेड़ा, अमृत विचार। भजन संध्या के नाम पर महिलाओं को एकत्र कर ईसाई धर्म अपनाने लिए प्रेरित करने का आरोप कुछ लोगों पर लगा है। इसकी जानकारी लगने के बाद संगठनों से जुड़े तमाम कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मकान मालिक समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कल्यानपुर भंत की है। गांव के एक व्यक्ति के मकान में शनिवार को तमाम महिलाएं जमा हुईं थीं। यहां पर धार्मिक कार्यक्रम किया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर हिंदू राष्ट्र शक्ति देशधर्म देवालय संगठन के जिलाध्यक्ष रामनाथ मौर्य, जिला गौरक्षा प्रमुख नंद किशोर, परमिंदर, शिवम गंगवार, विनोद कुमार, मुकेश शुक्ला, महेश कश्यप, आशुतोष शुक्ला, शोभित दीक्षित, विपिन मौर्य समेत तमाम कार्यकर्ता पहुंच गए। पहले तो कार्यकर्ता भीतर चल रहे कार्यक्रम को सुनते रहे और फिर हंगामा कर दिया। उनका आरोप था कि भजन संध्या के नाम पर ग्रामीण इलाकों की महिलाओं को एकत्र करने के बाद ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। मामले को धर्मांतरण से जोड़ते हुए  पुलिस को सूचना दी गई। बरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। बताते हैं कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही कुछ लोग मौके से खिसक लिए। इसके बाद पुलिस ने जानकारी की और मकान स्वामी समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया। कार्यकर्ताओं ने सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। फिर थाने लाकर दोनों पक्षों से पूछताछ की जाती रही। जिलाध्यक्ष रामनाथ मौर्य ने मामले की तहरीर पुलिस को दी। इंस्पेक्टर मुकेश शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। साक्ष्य के आधार पर एक्शन लिया जाएगा।

संबंधित समाचार