लालकुआं: मालिकाना हक की मांग पर सरकार का फूंका पुतला
लालकुआं, अमृत विचार। उत्तराखंड सरकार द्वारा लालकुआ वासियों को उनकी भूमि का मालिकाना हक देने के लिए जारी किए गए शासनादेश में सर्किल रेट अत्यधिक लगाने का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार का पुतला फूंका। उधर, बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर अविलंब सर्किल रेट …
लालकुआं, अमृत विचार। उत्तराखंड सरकार द्वारा लालकुआ वासियों को उनकी भूमि का मालिकाना हक देने के लिए जारी किए गए शासनादेश में सर्किल रेट अत्यधिक लगाने का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार का पुतला फूंका। उधर, बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर अविलंब सर्किल रेट कम करने की मांग की है।
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने लालकुआं के लोगों की डेढ़ सौ साल पुरानी समस्या का समाधान मालिकाना हक का शासनादेश जारी करके दे तो दिया परंतु यहां निवास करने वाले अधिकांश गरीब तबके के लोगों को इस सुविधा का लाभ उठाने से वंचित रख दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जारी शासनादेश में जमीन के सर्किल रेट इतने अधिक कर दिए गए हैं कि इससे गरीब लोग अत्यधिक चिंतित हो गए हैं। आप कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उत्तराखंड सरकार का पुतला दहन किया। पुतला दहन करने वालों में आम आदमी पार्टी के नेता दीपक पांडे, सुरेश जोशी, ओमपाल कश्यप, गोविंद मेहता, नीरज खत्री, सूरज जोशी, रोहित कश्यप, लाल सिंह चौहान, तौफीक अहमद, सुभाष कुमार और आबिद रजा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
इधर बहुजन समाज पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष विजय बहादुर और लालकुआं नगर अध्यक्ष सतीश चंद्र भाटिया के नेतृत्व में तहसील प्रांगण में पहुंचे दर्जनों बसपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि पूर्व में भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल के दौरान हुए शासनादेश में जहां वर्ष 2000 का सर्किल रेट लालकुआं के लोगों के लिए लगाया गया था।
वही अपने ही शासनादेश को पलटते हुए भाजपा सरकार ने 2004 के सर्किल रेट लालकुआं के लोगों के लिए लगाए गए हैं। जो कि पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि लालकुआं क्षेत्र की जनता इस शासनादेश की कड़े शब्दों में निंदा करती है। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसील के रजिस्ट्रार कानूनगो को सौंपा। ज्ञापन देने वालों में विद्या कांत मधुकर, राजेंद्र प्रसाद, प्रमोद कुमार, राजेश कुमार व मंगल प्रसाद सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
