बदायूं: महिला को रौंदकर कार पेड़ से टकराई, लगी आग
बदायूं/सखानू, अमृत विचार। एमएफ हाईवे पर बेकाबू कार की चपेट में आकर शुक्रवार सुबह सड़क पार कर रही एक महिला की मौत हो गई। असंतुलित कार सड़क किनारे खाई में जाकर पेड़ से टकरा गई और उसमें आग लग गई। कार चालक मौके से फरार हो गया। आक्रोशित परिवार व गांव वालों ने हाईवे पर …
बदायूं/सखानू, अमृत विचार। एमएफ हाईवे पर बेकाबू कार की चपेट में आकर शुक्रवार सुबह सड़क पार कर रही एक महिला की मौत हो गई। असंतुलित कार सड़क किनारे खाई में जाकर पेड़ से टकरा गई और उसमें आग लग गई। कार चालक मौके से फरार हो गया। आक्रोशित परिवार व गांव वालों ने हाईवे पर जाम लगा दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह हालात पर काबू पाया। लगभग एक घंटे बाद पुलिस ने परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया। महिला के शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है।
थाना अलापुर क्षेत्र के गांव खरखोली खुर्द निवासी ज्योति (28) पत्नी संजय दिवाली पर घर की लिपाई-पुताई के लिए खेत से पीला मिट्टी लाने के लिए निकली थी। हाईवे पार करते वक्त बदायूं की ओर से तीव्र गति से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी, हादसे में असंतुलित कार खाई में उतरकर पेड़ से टकरा गई। इधर गंभीर हालत में घायल ज्योति को जिला अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से आक्रोशित परिजनों व गांव वाले हाईवे पर जाम लगाकर बैठ गए। हालत बिगड़े तो कई थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने समझा कर ग्रामीणों को शांत किया और एक घण्टे के बाद जाम खुल सका। इंस्पेक्टर गौतम ने बताया कि कार चालक की तलाश की जा रही है शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है।
“कार की टक्कर से महिला की मौत हो गई। कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई जिससे उसमें आग लग गयी थी जिसको बुझा दिया गया। कुछ घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।” -संकल्प शर्मा, एसएसपी
