कासगंज: डिवाइडर में जा घुसी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली, चालक की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

अलीगढ से ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर जा रहे तीर्थनगरी सोरों

कासगंज, अमृत विचार। कासगंज मथुरा मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। जिसकी चपेट में आकर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर पर सवार किशोर चपेट में आकर घायल हो गया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायल किशोर को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

सीतापुर जिले के थाना तंबौर क्षेत्र के गांव दलपतपुर निवासी 19 वर्षीय अनूप और इसी गांव के रहने वाले 16 वर्षीय पंकज ट्रैक्टर ट्रॉली चलाते हैं। वह बुधवार की रात अलीगढ से सोरों तीर्थ नगरी आने के लिए निकले  थे। सदर कोतवाली क्षेत्र के सोरों मार्ग पर पिनाक पानी कोल्ड स्टोर के नजदीक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। चालक सहित किशोर ट्रैक्टर ट्रॉली में दब गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे सदर कोतवाल लोकेश भाटी ने दबे दोनों सवारों को बाहर निकाला, तब तक अनूप की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा सवार पंकज तड़प रहा था। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसका उपचार किया जा रहा है। घटना की जानकारी पुलिस द्वारा मृतक और घायल किशोर के परिजनों को दी गई। गुरुवार की सुबह मृतक के परिजन भी पोस्टमार्टम गृह पर पहुंच गए। जहां अनूप के शव को देख कर विलाप करने लगे। परिजनों ने बताया कि दोनों लोग ट्रैक्टर चलाकर मजदूरी करते थे। इंस्पेक्टर लोकेश भाटी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही वह स्वंय मौके पर पहुंचे। दबे दोनों लोगों को बाहर निकाला। चालक की मौत हो चुकी थी। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसका उपचार चल रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार