Etawah: हाईवे पर पलटा ट्रक; सड़क पर फैले टमाटर, लोगों ने जमकर मचाई लूट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नासिक से टमाटर लादकर सिलीगुड़ी जा रहा था ट्रक

इटावा, बसरेहर, अमृत विचार। ग्वालियर-बरेली हाईवे पर नवनिर्मित बाईपास पर टमाटर भरा ट्रक पलट गया। ड्राइवर केबिन में फंसकर घायल हो गया। टमाटर सड़क से लेकर खेतों तक फैल गया। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक वहां पहुंचे लोग टमाटर लूट ले गए। 

बसरेहर बाईपास पर बहादुरपुर गांव के समीप गुरुवार सुबह 10 बजे हादसा हुआ। महाराष्ट के नासिक के पीपल गांव से टमाटर लादकर ट्रक सिलीगुड़ी जा रहा था। बहादुरपुर गांव के पास कार को साइड देने में बाईपास की दलदली मिट्टी में फंसकर ट्रक पलट गया। ट्रक में टमाटर भरा हुआ था, जो बाईपास और आसपास के खेतों तक फैल गया। 

हादसे के दौरान ड्राइवर केबिन में फंस गया। इस बीच आसपास के खेतों पर मौजूद और राह चलते लोगों ने ड्राइवर की मदद करने के बजाय बाईपास पर फैले टमाटर लूटना शुरू कर दिया। हादसे की सूचना पर जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक लोग भारी मात्रा में टमाटर लूट ले गए। पुलिस के पहुंचते ही लोग भाग खड़े हुए। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लिया और ड्राइवर को निकालकर बसरेहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

बाईपास निर्माण पर सवालिया निशान

हादसे में घायल हुआ ट्रक ड्राइवर भूपेंद्र सिंह मध्य प्रदेश के भिंड जिले के पंडरी गांव का रहने वाला है। उसने बताया कि टमाटर से भरा ट्रक लेकर जब वह बाईपास पर पहुंचा तभी जगह-जगह अधूरा निर्माण होने और मिट्टी दलदली होने के कारण ट्रक हिलोरें भर रहा था। 

सामने से आई कार को साइड देने में बाईपास की मिट्टी में फंसकर ट्रक पलट गया। उसने बताया कि रविवार सुबह सिलीगुड़ी की मंडी तक टमाटर पहुंचाना था, लेकिन अब समय से नहीं पहुंच पाएगा। बाईपास का सही तरीके से निर्माण होता तो शायद यह हादसा नहीं होता।

यह भी पढ़ें- Kannauj: साथ जिये और साथ में छोड़ा संसार: बुजुर्ग के निधन के दूसरे दिन पत्नी ने भी तोड़ा दम, पति की मृत्यु होते ही बिगड़ गई थी हालत

 

संबंधित समाचार