बरेली: पांच लाख रुपये लेकर महिला आरोपी को छोड़ा
बरेली, अमृत विचार। शहामतगंज चौकी पुलिस सवालों के घेरे में आ गई है। पुलिस पर आरोप है कि उसने स्मैक के साथ पकड़ी गई महिला आरोपी को छोड़ दिया और युवक को स्मैक की जगह शराब के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। करीब 15 दिन पहले शहामतगंज चौकी पुलिस ने एक महिला और युवक को …
बरेली, अमृत विचार। शहामतगंज चौकी पुलिस सवालों के घेरे में आ गई है। पुलिस पर आरोप है कि उसने स्मैक के साथ पकड़ी गई महिला आरोपी को छोड़ दिया और युवक को स्मैक की जगह शराब के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। करीब 15 दिन पहले शहामतगंज चौकी पुलिस ने एक महिला और युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था।
आरोप है कि बाद में पुलिस से आरोपियों ने सौदा कर लिया। पांच लाख रुपये मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को छोड़ दिया जबकि उसके साथी युवक को शराब तस्करी में जेल भेज दिया।
बारादरी थाने के शहामतगंज चौकी इलाके में 15 दिन पहले एक महिला और एक युवक को पुलिस ने रात में गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद फतेहगंज पश्चिमी में तैनात एक दरोगा(वर्तमान में पुलिस लाइन में कार्यरत) ने बारादरी पुलिस से पांच लाख रुपये में सौदा तय कराया था।
सूत्रों की मानें तो सौदा पांच लाख रुपये में तय हुआ था। इस मामले में सौदा कराने वाले दरोगा के हिस्से में 65 हजार रुपये आए थे। रुपये मिलने के बाद बारादरी पुलिस ने युवक को शराब के मामले में जेल भेज दिया जबकि महिला को छोड़ दिया गया। यह प्रकरण पूरे थाने में चर्चा का विषय बना रहा। हालांकि, अधिकारियों के डर के कारण किसी पुलिस कर्मी ने मुंह नहीं खोला था। महिला और युवक को चौकी इंचार्ज ने पकड़ा था लेकिन बाद में वह भी दबाव में मान गए।
