संभल : बस में चढ़ते समय महिला के गले से सोने की चेन खींच ले गया उचक्का, ससुराल रुद्रपुर जा रही थी

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

चन्दौसी, अमृत विचार। रोडवेज बस स्टैंड पर बस में चढ़ते समय उचक्के ने महिला के गले से सोने की चेन खींच ली। महिला भाईदूज पर अपने मायके आई थी और मंगलवार की दोपहर अपने ससुराल रुद्रपुर जा रही थी। महिला के साथ उसके दो पुत्र थे। घटना की तहरीर महिला के पिता की ओर से कोतवाली में दी गई है।

कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चुन्नी निवासी मलखान सिंह की पुत्री सोनी की शादी रुद्रपुर निवासी रिंकू सागर से हुई है। भाईदूज पर सोनी अपने दो पुत्रों के साथ मायके आई थी। मंगलवार को वह अपनी ससुराल जाने के लिए रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंची। मुरादाबाद जाने को रोडवेज बस में सवार होते समय भीड़ का फायदा उठाते हुए किसी उचक्के ने महिला के गले से सोने की चेन उड़ा ली। घटना के समय महिला को जानकारी नहीं हुई। जब बस कब्रिस्तान रेलवे फाटक से आगे बदायूं चुंगी पर पहुंची तो महिला को गले में चेन नहीं होने का अहसास हुआ। गले में सोने की चेन नहीं होने पर महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया।

इसके बाद उसने घटना की जानकारी अपने मायके वालों को दी। महिला ने फोन पर अपने भाई सतीश कुमार को बताया कि रोडवेज बस स्टैंड पर दुकान से पानी की बोतल खरीदी, तभी चार युवक पीछे लग गए थे। घटना के बाद महिला रोने लगी। महिला ने बताया कि डेढ़ तोले की चेन व आधे तोले के पैंडिल था। करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलने पर महिला के पिता मलखान सिंह कोतवाली पहुंचे और अज्ञात लोगों के विरुद्ध तहरीर दी।

ये भी पढे़ं : संभल: युवक का अपहरण कर ट्रेन से जाने की सूचना पर मची खलबली

संबंधित समाचार