हल्द्वानी: अज्ञात वाहन की टक्कर से टेंपो चालक की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। घर लौट रहे टेंपो चालक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घटना को अंजाम देकर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में घायल को उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। 

पुलिस के अनुसार अंबेडकर नगर बरेली रोड निवासी 38 वर्षीय मोंटी पुत्र कालीचरण पेशे से टेंपो चालक था। रविवार को वह किसी काम के सिलसिले में घर से बाहर निकला था। काम निपटा कर घर लौटते समय उसे तेज रफ्तार वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद चालक मय वाहन मौके से फरार हो गया।

मोंटी सड़क पर लहूलुहान पड़ा था। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए मोंटी को डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी के जरिये वाहन व चालक की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें - हल्द्वानी: ट्रेन में फिर लूट, रानीखेत एक्सप्रेस में वारदात

संबंधित समाचार