Stock Market: घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और अमेरिकी बाजारों से कमजोर रुख के बीच घरेलू बाजारों में सोमवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 156.72 अंक की गिरावट के साथ 77,423.59 अंक पर रहा। एनएसई निफ्टी 64.25 अंक फिसलकर 23,468.45 पर आ गया। 

सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से इंफोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, टाटा मोटर्स और इंडसइंड बैंक के शेयरों में सबसे अधिक गिरावट आई। एचडीएफसी बैंक, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस और एशियन पेंट्स के शेयर लाभ में रहे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट तथा हांगकांग का हैंगसेंग फायदे में रहे जबकि जापान का निक्की नुकसान में रहा।

अमेरिकी बाजार शुक्रवार को नकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ 71.40 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 1,849.87 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

संबंधित समाचार