संभल : टॉवर की 11वीं मंजिल से गिरकर टाइल्स कारीगर की मौत, मचा कोहराम
मझावली स्थित कॉलोनी के टॉवर पर टाइल्स लगा रहा था कारीगर
चन्दौसी, अमृत विचार। बनियाठेर थाना क्षेत्र के मझावली वीनस शुगर मिल के सामने निर्माणाधीन आवासीय टॉवर की 11वीं मंजिल पर टाइल्स लगाते समय मजदूर की गिरकर मौत हो गई। आरोप है कि घटना के बाद टावर का मालिक व ठेकेदार मौके पर नहीं पहुंचा। परिजनों ने सीएचसी पहुंची पुलिस से कार्रवाई करने से इन्कार किया है।
कोतवाली क्षेत्र के सेमर टोला निवासी बिट्टू 25 वर्ष पुत्र केदार नाथ बनियाठेर थाना क्षेत्र मझावली स्थित वीनस शुगर मिल के सामने निर्माणाधीन आवासीय टॉवर (बिल्डिंग) में दो दिन कार्य कर रहा था। वह टाइल्स व मार्बल लगाने का कार्य करता है। सोमवार की सुबह बिट्टू कार्य पर पहुंचा और टॉवर पर कार्य करने लगा। सुबह 11 बजे युवक टॉवर की 11वीं मंजिल पर टाइल्स लगा रहा था, तभी अचानक पैर फिसलने से युवक नीचे आ गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। यह देख अन्य मजदूर मौके पर पहुंच गए और आनन-फानन में ई-रिक्शा से कारीगर को सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी सीएचसी पहुंचे। घटना से मृतक की पत्नी मीरा, मां सूरज देवी व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। मृतक अपने पीछे पत्नी, मां व तीन वर्षीय पुत्र हैप्पी व सात माह का पुत्र माहिर को रोता छोड़ गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस सीएचसी पहुंची। जहां मृतक के परिजनों ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया तो पुलिस वापस आ गई। -मोहित चौधरी, थाना प्रभारी, बनियाठेर
ये भी पढ़ें : Sambhal Violence : कोर्ट कमिश्नर का स्वास्थ्य खराब, जामा मस्जिद की सर्वे रिपोर्ट पेश करने के लिए 15 दिन का और समय मांगा
