सीरिया छोड़ भागे राष्ट्रपति बशर को पुतिन ने दी राजनीतिक शरण, US बोला- Bashar शासन का पतन लोगों के लिए 'ऐतिहासिक अवसर'
मास्को। सीरिया में विद्रोहियों के कब्जे के बाद राष्ट्रपति बशर अल-असद देश छोड़कर रूस भाग गए हैं। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन ने सोमवार को कहा कि रूस ने सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर असद को राजनीतिक शरण दी है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने संवाददाताओं को बताया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने असद को शरण देने का निर्णय व्यक्तिगत रूप से लिया। हालांकि, पेस्कोव ने इस बारे में नहीं बताया कि असद कहां ठहरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पुतिन की असद से मिलने की योजना नहीं है। जबकि अमेरिका ने सीरिया में असद सरकार के पतन का स्वागत किया है।
अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रविवार को कहा कि सीरिया के अपदस्थ राष्ट्रपति बशर अल-असद के शासन का पतन देश के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है क्योंकि असन शासन ने बीते 50 साल में हजारों निर्दोष सीरियाई लोगों के साथ क्रूरता की, उन्हें प्रताड़ित किया और उनकी जान ली। कई वर्षों के हिंसक गृहयुद्ध और बशर अल-असद एवं उनके परिवार के दशकों के नेतृत्व के बाद विद्रोही समूहों के देश पर कब्जा कर लिया जिसके कुछ घंटों बाद बाइडन ने व्हाइट हाउस (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक कार्यालय एवं आवास) में यह बात कही।
बाइडेन ने कहा, ‘‘सीरिया में 13 साल के गृहयुद्ध और बशर असद तथा उनके पिता के करीब आधी सदी से अधिक समय तक क्रूर तानाशाहीपूर्ण शासन के बाद विद्रोही ताकतों ने असद को अपने पद से इस्तीफा देने एवं देश से भागने पर मजबूर कर दिया। हमें मालूम नहीं है कि वह कहां है, लेकिन ऐसी खबरें हैं कि वह रूस की राजधानी मॉस्को में है। आखिरकार, असद शासन का पतन हो गया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस शासन ने सैकड़ों हजारों निर्दोष सीरियाई लोगों पर अत्याचार किया, उन्हें प्रताड़ित किया और उनकी जान ली। इस शासन का पतन न्याय का एक मौलिक कार्य है। यह सीरिया में लंबे समय से पीड़ित लोगों के लिए अपने गौरवशाली देश का बेहतर भविष्य बनाने का ऐतिहासिक अवसर है।’’
बाइडेन ने कहा कि यह जोखिम और अनिश्चितता का भी समय है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में हिज्बुल्ला, ईरान और रूस का असद शासन को समर्थन खत्म हो गया है। वह इस पूरे घटनाक्रम को सीरिया के लोगों के लिए अब एक नए अवसर के रूप में देख रहे हैं। असद को सत्ता से बेदखल करने वाले सीरियाई विपक्ष का नेतृत्व ‘हयात तहरीर अल-शाम’ करता है। अमेरिका ‘हयात तहरीर अल-शाम’ को एक आतंकवादी संगठन मानता है जिसका संबंध अल-कायदा से है। हालांकि, समूह का कहना है कि उसने अल-कायदा से संबंध तोड़ लिए हैं।
