सर्दियों में बढ़ती हैं बीमारियां, स्वस्थ रहने के लिए इन बातों का रखें विशेष ध्यान...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। मौसम में बदलाव होने के साथ ही ठंड का असर बढ़ गया है और अब शीतलहर चलने लगी है। शीतलहर के दौरान लोगों को अपने स्वास्थ्य की खासतौर पर चिंता करने की जरूरत होती है। शीतलहर में कई प्रकार के रोग बढ़ जाते हैं। इसलिए डॉक्टर ठंड से बचने की सलाह देते हैं। 


गर्मियों के विपरीत सर्दियों में लोगों का खान-पान बढ़ जाता है। इसके साथ ही ठंड का मौसम लोगों को बीमार भी कर देता है। खासतौर से वायरल फीवर की समस्या काफी बढ़ जाती है। साथ ही सांस से जुड़े रोगियों को भी अपना ध्यान रखने की जरूरत है। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी के अनुसार ठंड से जुड़ी बीमारियों के काफी मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। ओपीडी में इनकी संख्या बढ़ रही है। राहत की अस्पताल में दवाएं पर्याप्त तौर पर मौजूद हैं। मेडिकल कॉलेज की बाल रोग विभाग की अध्यक्ष डॉ. ऋतु रखोलिया ने बताया कि बच्चों का खासतौर से ध्यान रखें। उन्हें ठंड के मौसम में बाहर न ही खेलने दें और पूरे कपड़े पहनाकर रखें।

 

ठंड से होने वाली बीमारियां

1-सर्दियों में विटामिन-डी की कमी और ठंडी हवाओं के कारण हड्डियों, जोड़ों और मांसपेशियों में अकड़न और दर्द हो सकता है। इसके लिए विटामिन-डी से भरपूर आहार, नियमित व्यायाम और गर्म कपड़े पहनने चाहिए। 
2-तापमान में अचानक बदलाव के कारण सर्दी और खांसी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। इस मौसम में शरीर को गर्म रखना जरूरी है।
3-ठंडी हवा और नमी से फेफड़ों का संक्रमण हो सकता है। इससे बचने के श्वसन तंत्र को साफ रखना आवश्यक है।
4-शीतलहर के कारण रक्तचाप में बदलाव आ सकता है, जिससे हाइपरटेंशन और स्ट्रोक का खतरा बढ़ता है। इसलिए नियमित रक्तचाप की जांच करनी चाहिए। 
5-सर्दी के कारण त्वचा रूखी हो जाती है, जिससे होंठ फटने और त्वचा में दरारें पड़ सकती हैं। पर्याप्त पानी पीना इस समस्या से बचने में मदद करता है।

 

ठंड से बचने को ये करें उपाय-

ठंड से बचने के लिए कपड़ों की कई परतें पहननी चाहिए। एक मोटा कपड़ा पहनने की जगह दो से तीन पतले कपड़े चाहिए। सिर, हाथ, और गर्दन को ढककर रखना चाहिए। शीतलहर से बच्चे और बुजुर्ग ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं, इसलिए उनकी अतिरिक्त देखभाल करें। सर्दी, खांसी, बुखार या सांस में दिक्कत होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।

 

 

संबंधित समाचार