पीलीभीत: ढाबे पर चाय पीने गए युवक पर कर दी फायरिंग, हमला करने वाले तीन गिरफ्तार
पीलीभीत, अमृत विचार। परिचित के साथ ढाबे पर चाय पीने गए युवक पर कार सवार लोगों ने फायरिंग कर जान लेने की कोशिश की। पूर्व में दर्ज कराए गए मुकदमे की रंजिश में हमला किया गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम चांदडांडी के रहने वाले चंद्रसेन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नौ दिसंबर की शाम पांच बजे वह खमरिया पुल के रहने वाले बांके बिहारी के साथ बरेली हाईवे पर शाही पुलिस चौकी के नजदीक एक ढाबे पर चाय पीने गए थे। इसी बीच चांदडांडी गांव का रहने वाला प्रेमपाल उर्फ हेमपाल, डंडिया भिसौड़ी गांव निवासी वीरेंद्र अपने दो साथियों संग कार से आए। इसके बाद पुरानी रंजिश के चलते जान से मारने की नियत से तमंचे से फायर कर दिया। हालांकि गोली उन्हें नहीं लगी। ये भी बताया कि उनके द्वारा पूर्व में प्रेमपाल पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके चलते रंजिश चल रही है। आरोपियों ने गाली गलौज कर अभद्रता की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। इंस्पेक्टर मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में दो नामजद और दो अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। तीन आरोपी डंडिया भिसौड़ी गांव निवासी वीरेंद्र गंगवार, ललौरीखेड़ा गांव निवासी दिनेश कुमार, मकरंदपुर माफी गांव निवासी कपिल गंगवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
