हल्द्वानी: दहेज के लिए पत्नी को दिया तीन तलाक, मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी,अमृत विचार। हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में तीन तलाक का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस को मामले की तहरीर सौंप कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी पति को कोर्ट में पेश करने की तैयारी में जुटी हुई है। …
हल्द्वानी,अमृत विचार। हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में तीन तलाक का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस को मामले की तहरीर सौंप कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी पति को कोर्ट में पेश करने की तैयारी में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, लाइन नंबर 16 निवासी राबिया पत्नी उस्मान ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि पांच साल पहले उसकी शादी उस्मान से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उस्मान उसे दहेज के लिए परेशान करता था। इसके साथ ही जेठानी, जेठ ने उसका गर्भपात भी कराया। वह दो दिन अस्पताल में भर्ती रही और इसके बाद उसके पति ने उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया।
पीड़िता ने इसकी शिकायत महिला हेल्पलाइन में की तो वहां पर समझौता हो गया लेकिन जब वह ससुराल पहुंची तो उसके ससुर और पति ने कहा कि उसे दोबारा घर में तभी रखा जाएगा जब वह ससुर या जेठ से शादी करेगी। यह कहकर ससुराल पक्ष ने उसे घर से निकाल दिया। इस पर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति उस्मान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने उस्मान को गिरफ्तार कर लिया है। बनभूलपुरा थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि तीन तलाक देने के आरोप में उस्मान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
