पीलीभीत: मेड़ के विवाद में फायरिंग से दहला शीतलपुर, दो लोग गोली लगने से घायल 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बिलसंडा, अमृत विचार। मेड़ के पुराने विवाद को लेकर शीतलपुर गांव में दो पक्षों में मारपीट हो गई। खेत पर पानी लगाने के दौरान कहासुनी शुरू हुई और फिर एक दूसरे पर हमला बोल दिया गया। दोनों तरफ से फायरिंग की गई। जिसमें दोनों ओर से एक-एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसकी सूचना मिलने पर सीओ बीसलपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और विवाद को लेकर जानकारी जुटाई। दोनों ओर से लगाए गए आरोपों के बाद पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल करने में जुट गई है। घटना के चलते हड़कंप मचा रहा।

बिलसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम शीतलपुर के रहने वाले लश्कार सिंह पुत्र अवतार सिंह खेती करते हैं। उनका गांव के ही कुछ लोगों से मेड़ के लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह वह अपने खेत पर पानी लगा रहे थे। चूंकि मेड़ कटी हुई थी तो दूसरे पक्ष के खेत में भी पानी पहुंचने लगा। इसी को लेकर गांव के ही मुखविंदर सिंह, सरवन सिंह, नारायन सिंह, निशान सिंह और हीरा सिंह ने विरोध करना शुरू कर दिया। ये कहने लगे कि वह खेत में पानी नहीं लगाने देंगे। इसे लेकर कहासुनी होने लगी। आरोपियों ने हमला कर मारपीट की। फिर वह बाइक छोड़कर भागने लगे तो पीछे से हीरा सिंह ने फायरिंग कर दी।जिसमें गोली उनकी जांच में लगी और वह किसी तरह अपनी जान बचाकर निकले।  उधर, दूसरे पक्ष के सरवन सिंह का मेड़ के लेकर चल रहे विवाद को लेकर झगड़ा किया गया। इसके बाद शिकायत करने के लिए अपने भाई के साथ जा रहे थे। इसी बीच आरोप है कि लश्कार सिंह अपने एक अन्य साथी संग आया और चलती बाइक पर ही फायरिंग कर दी। इस दौरान  सरवन सिंह के पैर में गोली लग गई।  दोनों घायलों को सीएचसी बीसलपुर ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलने पर सीओ बीसलपुर डॉ.प्रतीक दहिया थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। पुलिस की टीमें प्रकरण को लेकर छानबीन कर रही हैं।

दूसरे पक्ष का आरोप- लश्कार ने फंसाने के लिए खुद मारी गोली
इधर, सीएचसी बीसलपुर पहुंचे घायल सरवन सिंह ने बताया कि लश्कार सिंह को उनकी तरफ से किसी ने गोली नहीं मारी है। जंगल की तरफ जाकर लश्कार सिंह ने फंसाने के लिए ही खुद के गोली मारी थी। इससे जुड़ा एक वीडियो भी पुलिस के सुपुर्द कर दिया था। हमें जब पता चला कि गांव में सीओ पहुंचे हुए हैं, तब पुलिस ने भी कॉल कर वापस खेत पर बुलाया था। मगर वह अपने भाई के साथ पहले थाना बिलसंडा जा रहे थे, ताकि शिकायत दर्ज करा सकें। इसी दौरान रास्ते में उन पर हमला कर दिया गया। ये भी आरोप लगाए कि लश्कार सिंह दबंगई करता है और आए दिन झगड़ा करने की कोशिश करता रहता है। फिलहाल दोनों पक्षों से आरोप प्रत्यारोप के बाद पुलिस छानबीन कर रही है।

संबंधित समाचार