मोतियाबिंद के मरीजों के लिए निःशुल्क जांच शिविर
हल्द्वानी, अमृत विचार: राजकीय मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग की ओर से डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए निःशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर 26 से 31 दिसंबर तक चलेगा।
विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. जीएस तितियाल ने बताया कि मोतियाबिंद एक ऐसी स्थिति है जिसमें आंख के लेंस का धुंधलापन आ जाता है। यह बीमारी धीरे-धीरे विकसित होती है और शुरुआत में कोई खास समस्या नहीं होती, लेकिन बाद में चीजें धुंधली, पीली या विकृत दिखने लगती हैं। मोतियाबिंद के कई कारण हो सकते हैं जैसे उम्र बढ़ना, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, धूम्रपान, शराब का सेवन, पोषण की कमी या आंखों की चोट।
इस बीमारी का इलाज ऑपरेशन से किया जाता है। बताया कि राज्यपाल के मार्गदर्शन में 24 दिसंबर को राजभवन सभागार में नेत्र रोग जागरूकता पर गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद, 26 दिसंबर से 31 दिसंबर तक निःशुल्क जांच शिविर होगा।
