बरेली: लूट के आरोपियों ने छात्र को मारी गोली, हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। लूट की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। इससे उनके हौसले बुलंद हो गए। फैसला न करने पर आरोपियों ने पीड़ित के बड़े भाई को रविवार देर शाम गोली मारकर घायल कर दिया। परिजनों ने घायल छात्र को स्टेडियम रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल में …

बरेली, अमृत विचार। लूट की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। इससे उनके हौसले बुलंद हो गए। फैसला न करने पर आरोपियों ने पीड़ित के बड़े भाई को रविवार देर शाम गोली मारकर घायल कर दिया। परिजनों ने घायल छात्र को स्टेडियम रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना पर पहुंचे एसपी सिटी रविन्द्र कुमार ने परिजनों से बातचीत की और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

बारादरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला रोहली टोला निवासी कमल गुप्ता ने बताया कि 5 नवंबर को मोहल्ले के ही अजय गुप्ता उर्फ शैंकी, मुकेश गुप्ता अपने साथियों के साथ उनके घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट की थी। घटना में कमल गुप्ता, राजेश गुप्ता और अंजू गुप्ता को गंभीर चोटें आई थीं। इस प्रकरण में आरोपी समझौते का दबाव बना रहे थे, लेकिन पीड़ित परिवार ने उनकी एक नहीं सुनी। इससे नाराज होकर आरोपियों ने रविवार को कमल गुप्ता के बड़े भाई योगेश गुप्ता के पेट में गोली मार दी।

वारदात के वक्त योगेश गुप्ता अपने घर के पास खड़े थे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और घायल योगेश को स्टेडियम रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी रविन्द्र घटना स्थल पर पहुंचे और जानकारी की। इसके बाद वह अस्पताल पहुंचे और घायल की स्थित की जानकारी डॉक्टरों से ली।

पांच नवंबर की आरोपियों ने थी लूट
कमल गुप्ता ने बताया कि पांच नवंबर को अजय गुप्ता उर्फ शैंकी व उसके साथियों ने घर में घुसकर लूटपाट मारपीट की थी। आरोपी सोने की चेन और नकदी समेत करीब एक लाख रुपये का सामान लूट ले गए थे। मारपीट में कमल गुप्ता, अंजू और राजेश गुप्ता घायल हो गए थे। गंभीर रुप से घायल होने पर कमल गुप्ता मिशन अस्पताल में जबकि राजेश और अंजू स्टेडियम रोड पर स्थित एक अस्पताल में भर्ती हुए। कमल गुप्ता की रविवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि अंजू को पहले ही छुट्टी दे दी गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल राजेश अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। इस मामले में पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार नहीं किए हैं।

कमल को गोली मारने आए थे आरोपी
कमल गुप्ता ने बताया कि आरोपी उन्हें गोली मारने आए थे। रविवार को अस्पताल से उन्हें छुट्टी दे दी गई। वह घर पर थे। इसी दौरान उनका बड़ा भाई योगेश घर से बाहर निकल गया। घर से बाहर पहले से घात लगाकर बैठे अजय गुप्ता, मुकेश गुप्ता और उनके साथी गाली गलौज करने लगे और कहा कि लूट की रिपोर्ट दर्ज कराएगा। पुलिस मेरा कुछ नहीं करेगी। कमल ने बताया कि आरोपियों ने कहा कि चौकी इंचार्ज से मेरी बात हो गई है। विरोध करने पर आरोपियों ने योगेश के पेट में रिवाल्वर से गोली मार दी थी।

एबीवीपी ने उठाई चौकी इंचार्ज के निलंबन की मांग
घायल योगेश गुप्ता के भाई कमल गुप्ता एबीवीपी के कार्यकर्ता हैं। घटना की जानकारी मिलने पर दर्जनों एबीवीपी कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने एसपी सिटी से मांग की है कि चौकी इंचार्ज कांकरटोला अजय कुमार सिंह को निलंबित किया जाए। आरोप है कि चौकी इंचार्ज की सरपरस्ती में आरोपी खुलेआम अब तक घुमते रहे और वारदात को अंजाम दे दिया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने चौकी इंचार्ज के निलबंन की मांग करते हुए अस्पताल में नारेबाजी की। एसपी सिटी ने उन्हें समझाकर शांत किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार न हुए तो वे लोग प्रदर्शन करेंगे।

गिरफ्तारी को लगाई गईं तीन टीमें
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी सिटी ने तीन टीमों का गठन कर दिया है। उन्होंने कहा कि आरोपी जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। साथ ही चौकी इंचार्जों को हिदायत दी है कि वे लोग अपने अपने क्षेत्रों में सतर्क रहें, छोटी छोटी घटनाओं के भविष्य को देखते हुए तुरंत कार्रवाई करें, जिससे अपराधी दोबारा ऐसी घटना घटित न कर सकें।

“घटनास्थल का जायजा लिया है, एक युवक के गोली पेट में लगी है, लेकिन वह खतरे से बाहर है, डॉक्टरों से भी बात की गई है। आपरेशन के बाद गोली निकाल दी जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है, जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।” -रविन्द्र कुमार, सिटी

संबंधित समाचार