बहराइच: पीडब्ल्यूडी 5 साल से नहीं जमा कर रहा हाउस और वाटर टैक्स, 76 लाख से अधिक का है बकाया
बहराइच, अमृत विचार। नगर पालिका परिषद बहराइच को शासन की ओर से टैक्स वसूली का लक्ष्य मिलता है। इस बार भी 2.83 करोड़ रुपये टैक्स वसूलने का लक्ष्य मिला है। लेकिन शहर में संचालित सरकारी विभाग के ऑफिस की ओर से टैक्स ही नहीं जमा किया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी विभाग ने पांच साल से हाउस और वाटर टैक्स जमा नहीं किया है। जिसके चलते बकाया 76 लाख से अधिक हो गया है।
नगर पालिका परिषद बहराइच की ओर से शहर वासियों के साथ सरकारी विभागों में पानी समेत अन्य सुविधाएं दी जाती हैं। जिसका टैक्स भी वसूला जाता है। इस बार शासन की ओर से नगर पालिका परिषद बहराइच को दो करोड़ 83 लाख रुपये टैक्स वसूलने का लक्ष्य दिया गया है।
नगर पालिका के आरआई सत्य प्रकाश ने बताया कि नवम्बर माह तक 1.76 करोड़ रूपये टैक्स वसूला गया है। उन्होंने बताया कि शहर में निवास करने वाले 32 हजार लोगों से टैक्स वसूली की जा रही है। वहीं सरकारी विभाग हाउस और वाटर टैक्स जमा करने में आनाकानी कर रहे हैं। जिसका उदाहरण पीडब्ल्यूडी विभाग है।
पीडब्ल्यूडी विभाग पांच साल से टैक्स का रुपया नहीं जमा किया है। जिसके चलते विभाग पर 76 लाख आठ हजार का बकाया हो चुका है। इसके लिए नगर पालिका की ओर से पत्र भी भेजा गया है। फिर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिससे नगर पालिका परिषद बहराइच को लक्ष्य हासिल करने में दिक्कत हो रही है।
विभाग के बकाया एक नजर में
- पीडब्ल्यूडी विभाग 76.8 लाख
- जिला उद्योग केंद्र 10.75 लाख
- आयुर्वेदिक अस्पताल 9.7 लाख
होते हैं विकास कार्य
सरकार की ओर से निर्धारित टैक्स आम शहरवासियों के अलावा सरकारी विभागों को जमा करना होता है। इसी रूपये से सड़क, नाली निर्माण समेत अन्य विकास कार्य होते हैं। लेकिन विभाग कोताही बरत रहे हैं। इसके लिए पत्र लिखा गया है। हाउस और वाटर टैक्स सभी को जमा करना अनिवार्य है... प्रमिता सिंह ईओ नगर पालिका।
ये भी पढ़ें- एनकाउंटर का बदला महाकुंभ में लेंगे...आतंकी पन्नू की धमकी के बाद पीलीभीत साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज
