रामपुर : नैनीताल हाईवे पार कर रहे दिव्यांग युवक को ट्रक ने रौंदा, मौत
भोट थाना क्षेत्र के गांव महेशपुरा निवासी था मोहम्मद आरिफ, बिलासपुर क्षेत्र में हुआ हादसा, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा
आरिफ का फाइल फोटो...जिला अस्पताल में गमगीन खड़े मृतक के परिजन
बिलासपुर, अमृत विचार। नैनीताल हाईवे पार कर रहे मस्जिद के इमाम के दिव्यांग पुत्र को तेजी से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है। ट्रक चालक को वाहन सहित पकड़ लिया गया है। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है।
भोट थाना क्षेत्र के गांव महेशपुरा निवासी तसव्वर अली पेशे से एक मस्जिद में इमाम हैं। बुधवार को उनका सबसे छोटा दिव्यांग पुत्र 22 वर्षीय मोहम्मद आरिफ किसी काम से घर से बाहर गया था। देर शाम वह घर लौट रहा था। इसी बीच गांव पंजाबनगर के निकट नैनीताल हाईवे पार करते समय अचानक सामने से तेजी से आ रहे एक ट्रक ने उसे रौंद दिया। ट्रक चालक मौके से भाग गया। लेकिन कुछ लोगों ने पीछा करके ट्रक चालक को पकड़ लिया। चीख-पुकार सुनकर घटना स्थल पर राहगीरों सहित स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ लग गई। सूचना पाकर मोहम्मद आरिफ के परिजन और कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
तीन बहन भाइयों में सबसे छोटा था आरिफ
परिजनों ने बताया कि मृतक अपने तीन भाई बहनों में सबसे छोटा था।अचानक हुई मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। इसके अलावा ट्रक चालक को भी वाहन सहित पकड़ लिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।
ये भी पढे़ं : रामपुर : पिता गए मजदूरी करने, बेटी का घर से अपहरण कर ले गया युवक
