बरेली: जिनके पास है कार वे सरकारी राशन के नहीं रहेंगे हकदार, इन लोगों को मिलेगी सुविधा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। अगर आपके पास एसी या वाहन है तो अब आपको सरकारी राशन नहीं मिलेगा। ऐसे राशनकार्ड धारकों की विभाग की ओर से सूची बनाई जा रही है जिनके पास कार, एसी और शस्त्र लाइसेंस हैं। ऐसे लोगों की पहचान कराने की लिए संभागीय परिवहन विभाग की मदद ली जा रही है। चिह्नित होने …


बरेली,अमृत विचार। अगर आपके पास एसी या वाहन है तो अब आपको सरकारी राशन नहीं मिलेगा। ऐसे राशनकार्ड धारकों की विभाग की ओर से सूची बनाई जा रही है जिनके पास कार, एसी और शस्त्र लाइसेंस हैं। ऐसे लोगों की पहचान कराने की लिए संभागीय परिवहन विभाग की मदद ली जा रही है। चिह्नित होने के बाद कार मालिकों के नाम अगर राशनकार्ड की सूची में दर्ज हैं तो उनके राशन कार्ड को निरस्त कर दिया जाएगा। वहीं, विभाग ने एक नई पहल की है कि अगर कोई अपने पास कार होने की जानकारी देते हुए राशनकार्ड सरेंडर करेगा तो उसे सम्मानित किया जाएगा।


सरकार की ओर से हर माह गरीबों के लिए गेहूं और चावल के साथ चने का भी वितरण किया जा रहा है मगर बहुत से लोग अमीर होते हुए भी गरीबों को मिलने वाले राशन का लाभ ले रहे हैं। सरकार अभी तक सभी परिवारों को राशन उपलब्ध कराती थी लेकिन अब केवल गरीब परिवारों को ही राशन मिलेगा। नई योजना के तहत अब केवल ऐसे परिवारों को ही राशन मिलेगा जो वास्तविक रूप से गरीब हैं। ऐसे परिवारों को राशन का वितरण नहीं किया जाएगा जिनके पास कार, एसी या लाइसेंसी बंदूक आदि हैं। अधिकतर लोगों ने तथ्य छिपाकर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा के अंतर्गत बनने वाले कार्डों के लिए आवेदन कर दिया था।

सरकार ने ऐसे राशन कार्ड धारकों के लिए मापदंड तैयार कर दिया है जिससे गरीबों का हक न मारा जा सके। अधिकारी कर्मचारियों की टीम घर-घर जाकर लोगों के यहां परीक्षण कर रही है कि वह गरीबी के मापदंड पर खरा उतर रहा है या नहीं। सरकार से आदेश के बाद अब डीएम के निर्देश पर अधिकारियों ने जिले में ऐसे लोगों का सर्वे शुरू कर दिया है। इनके पास कार, एसी के साथ लाइसेंसी असलहा है। ऐसे लोगों की सूची तैयार कर उनके नाम से बने राशन कार्ड निरस्त किए जाएंगे। सर्वे पूरा होने के बाद पात्र लोगों के नाम जोड़े जाएंगे और अपात्रों के नाम सूची से काट दिए जाएंगे।

सभासद प्रधानों से लेंगे सहयोग
जिले में करीब सात लाख से अधिक राशन कार्ड धारक हैं। इनमें से अंत्योदय 99 हजार और बाकी के पात्र गृहस्थी कार्डधारक है। ऐसे में अधिकारियों और कर्मचारियों को पात्र और अपात्र लोगों को नहीं ढूंढने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। इसके लिए गांव के प्रधान और सभासद की मदद से ऐसे लोगों की पहचान कराने के बाद उनके राशन कार्ड निरस्त किए जाएंगे। वहीं, परिवहन कार्यालय से जिले में जिन लोगों के नाम से कार है उनकी भी सूची मांगी गई है।

शासन के निर्देश के बाद डीएम ने आदेश जारी कर दिए हैं। जिले में जिनके पास कार है उन्हें चिह्नित करने के बाद उनके नाम राशन कार्ड से काटे जाएंगे।
धर्मेन्द्र सिंह, एआरओ

संबंधित समाचार