Chitrakoot: ओपी राजभर बोले- इस बार प्रदेश से कर देंगे सपा का सफाया, अखिलेश पर भी दिया बयान, कहा ये...

चित्रकूट, अमृत विचार। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अति पिछड़े समाज का वोट तो लिया पर उनको राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं दिया। इस बार उनकी पार्टी और भागीदारी पार्टी मिलकर प्रदेश से सपा का सफाया कर देंगी।
शुक्रवार को डा. भीमराव अंबेडकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हनुवा (कबरा) में भागीदारी पार्टी की वंचित, शोषित महारैली में ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव अति पिछड़े समाज के नेताओं और उनकी पार्टियों को समुचित भागीदारी नहीं देते। 2022 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश ने भागीदारी पार्टी का वोट तो लिया पर एक भी सीट नहीं दी।
इसका बदला 2027 के विधानसभा चुनाव में लिया जाएगा। भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति ने कहा कि अंतिम पायदान पर बैठे हुए व्यक्ति को जब तक पीछे से उठाकर आगे नहीं बैठा दिया जाएगा तब तक भागीदारी पार्टी चैन से नहीं बैठेगी। आगामी चुनाव में भागीदारी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी मिलकर चुनाव लड़ेंगी।
बुंदेलखंड में किसी दूसरी पार्टी का खाता नहीं खुलने दिया जाएगा। बुंदेलखंड में प्रजापति समाज का अकेले 22 फीसदी वोट बैंक है। क्षेत्र पंचायत चुनाव में भागीदारी पार्टी बड़े पैमाने पर चुनाव लड़ने जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डा. महेश चंद्रा प्रजापति ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जिस तरीके से प्रजापति समाज की निरंतर हत्याएं हो रही हैं उस पर योगी आदित्यनाथ को कठोर कदम उठाने की जरूरत है।
ऐसा कानून बनाया जाए कि कोई हत्या और बलात्कार करे तो उसे फांसी की सजा दी जाए। रैली में भागीदारी पार्टी के बुंदेलखंड प्रदेश अध्यक्ष अच्छे लाल प्रजापति, जिलाध्यक्ष शंकर मणि वर्मा, लक्ष्मी प्रसाद प्रजापति, जानकी प्रजापति, केपी प्रजापति, बीएल राजू प्रजापति, फाल्गो प्रसाद प्रजापति, धर्मपाल प्रजापति, पुष्पेंद्र प्रजापति, सुनील प्रजापति, राजकुमार, संजय प्रजापति, बालकृष्ण, आनंद, भैरो प्रसाद प्रजापति, लवलेश आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- Kanpur Dehat: बलवंत हत्याकांड में निजी मुचलके हाईकोर्ट की पत्रावली में भेजने के आदेश