लखनऊ को इस रोग से मुक्त कराने की केजीएमयू के उप नर्सिंग अधीक्षक ने शुरू की मुहिम, 1 हजार से अधिक लोग आए साथ
लखनऊ, अमृत विचार। केजीएमयू के उप नर्सिंग अधीक्षक प्रदीप गंगवार ने लखनऊ को टीबी मुक्त करने का अभियान शुरू किया है। इसके लिए उन्होंने टीबी से पीड़ित तीन गरीब मरीजों को गोद लिया है। जिन मरीजों को प्रदीप गंगवार ने गोद लिया है, उनमें दो एमडीआर और एक एक्स्ट्रा पल्मोनरी टीबी से ग्रसित मरीज शामिल हैं। इसके लिए प्रदीप गंगवार को अपने वेतन का एक हिस्सा खर्च करना पड़ता है। इतना ही नहीं, प्रदीप गंगवार के इस प्रयास का ही असर है कि उनके साथ सैंकड़ों लोग जुड़ने के लिए तैयार हैं, वहीं अकेले केजीएमयू से करीब 1 हजार लोग इस कार्य में उनके सहयोग के लिए आगे आए हैं, जिसमें नर्सिंग ऑफिसर, डॉक्टर और कर्मचारी शामिल हैं।
अब प्रदीप गंगवार आने वाले समय में इन्हीं लोगों की मदद से 101 टीबी से ग्रसित मरीजों को गोद लेने की तैयारी कर रहे हैं, जिससे लखनऊ को टीबी मुक्त किया जा सके।
प्रदीप गंगवार बताते हैं कि केजीएमयू प्रदेश का सबसे बड़ा चिकित्सा संस्थान है, यहां करीब 10 से 12 हजार शिक्षक, डॉक्टर, नर्सिंग अधिकारी और कर्मचारी हैं। ऐसे में केजीएमयू का प्रत्येक सदस्य यदि एक-एक टीबी से ग्रसित मरीज को गोद लेकर उसके उपचार और पोषण की सामग्री में अपना सहयोग प्रदान करे, तो निश्चित ही लखनऊ को टीबी मुक्त बनाया जा सकता है। इस कार्य के लिए हमें सरकार का पूरा सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि निक्षय मित्र बनने का संकल्प भी मैंने इसी लिए लिया है कि लखनऊ को टीबी मुक्त किया जाए।
संकल्प लेने की यह रही वजह
प्रदीप गंगवार करीब 15 साल पहले केजीएमयू में नर्सिंग ऑफिसर के रूप में तैनात हुए थे, उस समय उनकी तैनाती पल्मोनरी मेडिसिन विभाग में ही थी, जहां पर टीबी रोगियों का इलाज किया जाता था। मरीजों के इलाज के दौरान वह भी टीबी से ग्रसित हो गए। हालांकि उन्हें समय पर अपने रोग की जानकारी हो गई और उन्होंने इलाज शुरू कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान उन्हें एक महीने तक शारीरिक कमजोरी महसूस की। वह बताते हैं कि उन्हें एक अच्छा वेतन मिलता है, तो वह अपना खान-पान बेहतर रख सके और ठीक हो गए, लेकिन बहुत से मरीज ऐसे हैं जो दो वक्त की रोटी के लिए परेशान हैं, वह पोषण युक्त भोजन कहां से कर पाएंगे। मरीजों की इस परेशानी को देखते हुए उन्होंने इस मुहिम को शुरू करने का फैसला लिया है।
डिप्टी सीएम ने कही यह बात
लखनऊ को टीबी मुक्त करने की कोशिश में जुटे प्रदीप गंगवार की तारीफ सरकार और जनता के प्रतिनिधि भी कर रहे हैं। इस कार्य के लिए विधायक डॉ. नीरज बोरा और पार्षद अभिलाषा कटियार ने उन्हें सम्मानित भी किया है। इतना ही नहीं, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी टीबी मुक्त लखनऊ करने के कार्य में पूरा सहयोग करने का आश्वासन उन्हें दिया है।
यह भी पढ़ेः पुनर्वास विवि: CUET से परास्नातक में प्रवेश शुरू, 26 पाठ्यक्रमों में होंगे एडमिशन, जाने लास्ट डेट
