पीलीभीत: आईटीआई के शिक्षक ने की थी छात्रा से छेड़छाड़, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
पीलीभीत, अमृत विचार। जीएनएम की छात्रा से छेड़छाड़ करने वाला आईटीआई का शिक्षक निकला। एसपी की ओर से गठित की गई पांच टीमों ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी न सिर्फ पहचान की बल्कि पूरनपुर रोड पर स्थित एक ढाबे से गिरफ्तार कर लिया। चालान कर आरोपी को कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है।
बरखेड़ा क्षेत्र की रहने वाली जीएनएम की छात्रा शुक्रवार सुबह रोज की तरह ट्रेनिंग पर महिला अस्पताल जा रही थी। नौगवां चौराहा के पास से वह ई-रिक्शा पर सवार हुई। ई-रिक्शा पर एक युवक पहले से मौजूद था। दूधिया मंदिर रोड पर पहुंचते ही आरोपी युवक ने छात्रा से छेड़छाड़ की। जिससे घबराकर छात्रा चलते ई-रिक्शा से कूद गई थी। जिसमें उसे चोट भी आई थी। सुनगढ़ी पुलिस ने छात्रा की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। एसपी अविनाश पांडेय ने पांच टीमों का गठन किया। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में छात्रा के ई-रिक्शा से छलांग लगाने की घटना कैद हो गई थी। पुलिस ने आसपास के मार्ग पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की। जिसके बाद आरोपी की पहचान पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के ब्लॉक रोड निवासी सतमान सिंह पुत्र बलजिंदर सिंह के रुप में हुई। यह भी सामने आया कि वह आईटीआई में शिक्षक है। पुलिस ने सुरागरसी के बाद आरोपी शिक्षक को पूरनपुर रोड पर स्थित एक ढाबे से गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को आरोपी को जेल भेज दिया है।
ये भी पढ़ें - पीलीभीत: शोहदे ने की छेड़छाड़ तो जेएनएम की छात्रा ने चलते ई रिक्शा से लगाई छलांग
