मिनी बैंक में एक करोड़ के गबन का आरोपी गिरफ्तार
देहरादून, अमृत विचार: भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) शाखा में 7 गांवों के लोगों के एक करोड़ रुपये से ज्यादा रकम का गबन करने के आरोपी को आखिरकार हरिद्वार की मंगलौर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उस पर 5 हजार रुपए का इनाम था।
एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के अकबरपुर ढाढेकी में प्रणव सैनी नामक व्यक्ति ने एसबीआई की मिनी शाखा (कॉमन सर्विस सेंटर) खोल रखी थी, जिसमें गांव एवं अन्य क्षेत्र के सभी आसपास के लोगों द्वारा अपने- अपने खाता खोलकर नकदी बैंक में जमा कराने को दी। इस बीच ग्रामीणों को पता चला कि उनके द्वारा जमा की जा रही रकम उनके असल बैंक खाते में जमा ही नहीं हो रही है। एसबीआई की मुख्य शाखा से इसका खुलासा होने के बाद गबन की बात सामने आई तो आरोपी प्रणव फरार हो गया। एसएसपी डोबाल के अनुसार, इस मामले में एसआईटी गठित कर आरोपी पर 5000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था। काफी मशक्कत के बाद आरोपी प्रणव सैनी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से 1600 से ज्यादा एटीएम कार्ड, 900 से ज्यादा पासबुक, 38 आधार कार्ड, 11 पैन कार्ड सहित लैपटॉप और अन्य उपकरण बरामद हुए हैं।
