अमरोहा : सपा कार्यकर्ता व ग्राम प्रधान पति के मामा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, क्षेत्र में मचा हड़कंप
अमरोहा, अमृत विचार। पड़ोस के गांव से लौट रहे सपा कार्यकर्ता व ग्राम प्रधान पति के मामा की गांव से करीब 100 मीटर दूर बदमाशों ने गोलीमारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े गोली मारकर हुई हत्या से क्षेत्र भी सनसनी फैल गई। सूचना पाकर एक तरफ जहां अमरोहा के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने हसनपुर सर्किल के चारों थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। वहीं फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। मामला रहरा थाना क्षेत्र के गांव जयतौली मुस्तकम का है।
सोमवार दोपहर गांव निवासी सपा कार्यकर्ता व ग्राम प्रधान पति के मामा इशरत अली उम्र करीब 45 वर्ष पड़ोस के गांव महरपुर गुर्जर से ग्राम पंचायत का काम निपटाकर लौट रहे थे। इसी बीच गांव से करीब 100 मीटर दूर गांव निवासी नाहिद हसन के खेत में पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने इशरत अली की कनपटी से सटाकर गोली मारकर वहां से फरार हो गए। मार्ग से गुजरते किसी राहगीर ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर एकत्रित हो गई।
कुछ समय बाद ही रहरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। क्योंकि मामला हत्या से जुड़ा था। इसी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद,एएसपी राजीव कुमार सिंह के साथ कोतवाली हसनपुर, थाना सैद नगली, व आदमपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जहां फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम ने भी मौके पर बारीकी से जांच पड़ताल की है। पुलिस को घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर मृतक इशरत अली का मोबाइल फोन मिला है। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को रंजीशन हत्या से जुड़ा मान रही है।
पुलिस के मुताबिक मृतक इशरत अली के परिजनों ने पुलिस को हत्या से जुड़े कुछ संदिग्ध लोगों के नाम बताएं हैं।बताते चलें कि कुछ समय पूर्व गांव में हुए ग्राम प्रधान के लिए उपचुनाव में थाना बछरायूं क्षेत्र के निवासी मृतक इशरत अली के भांजे नौशाद की पत्नी नीतू ने करीब साठ वोटो से जीत हासिल की थी। मृतक इशरत अली ने अपने पीछे एक बेटा व पांच बेटियों के अलावा अपनी पत्नी कैसर जहां छोड़ा है। इशरत अली की हत्या से उसके परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है।
ग्राम प्रधान के सारे कार्य देखता था सपा कार्यकर्ता मृतक इशरत अली
रहरा: जयतौली ग्राम पंचायत गंगेश्वरी विकासखंड की बड़ी ग्राम पंचायतो में से एक है। मुस्लिम बाहुल्य सीट आरक्षित होने पर कुछ दिन पूर्व हुए उपचुनाव में मृतक सपा कार्यकर्ता इशरत अली ने बछरायूं थाना क्षेत्र के गांव निवासी अपने भांजे नौशाद की पत्नी नीतू को अपने दम पर ग्राम प्रधान बनवाया था। ग्रामीणों के मुताबिक ग्राम प्रधान एवं अपने भांजे की पत्नी नीतू देवी के सारे ग्राम पंचायत से जुड़े कार्य इशरत अली ही देखता था।
गांव जयतौली मुस्तकम निवासी एक व्यक्ति की गोलीमार कर हत्या करने का मामला सामने आया है। प्रथम दृष्टया मामला रंजीशन हत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मृतक के परिजनों ने कुछ लोगों के संदिग्ध नामों के बारे में जानकारी दी है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्यवाई की जाएगी।-अमित कुमार आनंद, पुलिस अधीक्षक अमरोहा
ये भी पढे़ं : अमरोहा: चाचा-चाची ने 5 साल की बच्ची को मार डाला, हादसा दिखाने के लिए छत से फेंका
