निकाय चुनाव को लेकर पुलिस ने निकाला पैदल मार्च
अमृत विचार, नैनीताल: नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशन में जिले भर में लगातार पैदल मार्च और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्रा के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी प्रमोद शाह के नेतृत्व में कोतवाली मल्लीताल और थाना तल्लीताल पुलिस ने संयुक्त रूप से पैदल मार्च निकाला।
मार्च सूखाताल मल्लीताल से लेकर चीना बाबा तिराहा, मल्लीताल, बड़ा बाजार, घोड़ा स्टैंड, मॉल रोड, तल्लीताल डॉट, तल्लीताल बाजार और हरिनगर होते हुए डांट चौराहा तक पहुंचा। इस दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों से चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
साथ ही, अराजकता फैलाने की कोशिश करने वाले अवांछनीय तत्वों के बारे में तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की। पैदल मार्च कोतवाल उमेश कुमार मालिक, थानाध्यक्ष रमेश बोरा सहित तल्लीताल पुलिस और आईआरबी का एक प्लाटून शामिल रहा।
