कालाढूंगी में 60 प्रतिशत से अधिक मतदान
कालाढूंगी, अमृत विचार: नगर पंचायत से नगर पालिका परिषद बने कालाढूंगी में गुरुवार को पालिकाध्यक्ष और सात वार्ड सभासद पदों के लिए मतदान संपन्न हुआ। निकाय चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के साथ-साथ अन्य दलों के 38 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 25 जनवरी को होगा। मतदान के दौरान प्रशासन और पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की थी, जिससे कहीं भी किसी प्रकार की विवाद की सूचना नहीं आई। शाम पांच बजे तक 60 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। वार्ड 3 और 4 में शाम सात बजे तक मतदान जारी रहा।
चुनाव प्रेक्षक मो. नासिर, जोनल मजिस्ट्रेट मनोज कुमार गंगवार, सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रवीन चंद्र जोशी, राकेश पाल, निर्वाचन अधिकारी रेखा कोहली, सहायक निर्वाचन अधिकारी मनीषा बिष्ट और थानाध्यक्ष पंकज जोशी ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर समय-समय पर स्थिति का जायजा लिया। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ लगी रही। हालांकि, दोपहर दो बजे के बाद अधिकांश केंद्रों पर भीड़ कम होने लगी, लेकिन बंजारा वार्ड नंबर 3 और अस्पताल वार्ड नंबर 4 में मतदान केंद्रों पर भीड़ बढ़ गई।
कालाढूंगी नगर पालिका परिषद में इस बार कुल 8770 मतदाता मतदान कर रहे हैं। इनमें 4457 पुरुष, 4311 महिलाएं और दो अन्य मतदाता शामिल हैं। नगर पालिकाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस, भाजपा और दो अन्य उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, सात वार्डों में 34 उम्मीदवारों ने सभासद पद के लिए अपनी किस्मत आजमाई है। मतदान के आंकड़ों के अनुसार, जिम कॉर्बेट वार्ड नंबर 1 में 1318 में से 1098, फैक्ट्री वार्ड नंबर 2 में 1918 में से 1587, बंजारा वार्ड नंबर 3 में 1070 में से 950, अस्पताल वार्ड नंबर 4 में 980, तहसील वार्ड नंबर 5 में 638 में से 559, मंगोलियाधडा बाजार वार्ड नंबर 6 में 1355 में से 1050 और बंदोबस्ती वार्ड नंबर 7 में 1413 में से 1115 मत पड़े।
