Bareilly: कक्ष निरीक्षक से अभद्रता...मुश्किल में पड़ी छात्रा! एक को नोटिस तो दूसरे के खिलाफ दी तहरीर
बरेली, अमृत विचार: विधि की परीक्षा के दौरान बरेली कालेज में बुधवार को महिला कक्ष निरीक्षक से अभद्रता करने वाली छात्रा वैष्णवी को नोटिस जारी किया गया है। जबकि उसके साथी रजत शर्मा के खिलाफ बारादरी थाने में तहरीर दी गई है।
चीफ प्राक्टर प्रो. आलोक खरे ने बताया कि बुधवार शाम बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा वैष्णवी गुप्ता अंग्रेजी विषय की वोकेशनल परीक्षा दे रही थीं। इस दौरान गलत हरकत करने पर कक्ष निरीक्षक प्रो. गुंजन सक्सेना ने टोका तो वह अभद्रता करते हुए कमरे से बाहर चली गईं। फोन कर अपने दोस्त रजत शर्मा को बुलाया, जो कुछ देर में परीक्षा कक्ष में घुस गया और प्रो. गुंजन से दुर्व्यवहार करने लगा। गुरुवार को प्राचार्य के आदेश पर आरोपी छात्रा को नोटिस जारी किया गया। जिसमें 28 जनवरी तक माता-पिता के साथ प्रस्तुत होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।
बरेली कॉलेज में दूसरे दिन चार नकलची पकड़े
बरेली कालेज में परीक्षा के दूसरे दिन गुरुवार को चार नकलची पकड़े गए। जिसमें दो पंचम सेमेस्टर और दो प्रथम सेमेस्टर के परीक्षार्थी शामिल हैं। दो दिन में कुल आठ नकलची पकड़े जा चुके हैं। चीफ प्रॉक्टर प्रो. आलोक खरे ने बताया कि मामले में कार्रवाई कर सूचना विश्वविद्यालय भेज दी गई है।
यह भी पढ़ें- Bareilly: 'तुम नंगे लोग हो, नंगई ही करते हो', नगर निगम के जेई ने कर्मचारी को हड़काया...ऑडियो वायरल
