रामपुर: डीएनए रिपोर्ट से खुला राज...पुजारी है किशोरी के बच्चों का बाप
सैदनगर, अमृत विचार। डीएनए रिपोर्ट में पुजारी ही युवती के बच्चे का पिता निकला। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा तो साधु संतों ने पुलिस पर बेकसूर फंसाने का आरोप लगाया था। सैकड़ों साधु संत एसपी कार्यालय पर घेराव करने पहुंच गए थे और जमकर हंगामा किया था। साधु संतों की मांग पर एसपी ने उप निरीक्षक को लाइन हाजिर किया था। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।
मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के देवरनिया शुमाली गांव का है। गांव निवासी एक किशोरी ने दो माह पहले बच्चे को जन्म दिया था, तब सनसनी फैल गई थी। परिजनों ने पूछताछ की तो किशोरी ने गांव के पुजारी का बच्चा होने की बात कही थी। थाने पहुंची किशोरी ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी पुजारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुजारी के समर्थन में क्षेत्र के ग्राम प्रधान एवं साधु संत आ गए थे। एक माह पहले सैकड़ों की तादाद में साधु संत एसपी कार्यालय का घेराव करने पहुंच गए थे। उप निरीक्षक जाकिर खान पर पुजारी को फर्जी फंसाने का आरोप लगाते हुए साधु संतों ने हंगामा किया था। मौके की नजाकत को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने उप निरीक्षक जाकिर खान को लाइन हाजिर कर दिया था। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पुजारी और बच्चे दोनों का डीएनए टेस्ट कराया था। शुक्रवार को डीएनए रिपोर्ट पॉजीटिव आई और बच्चा पुजारी का ही निकला। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने भी राहत की सांस ली। साधु संतों के झूठे आरोपों के चलते लाइन हाजिर हुए उप निरीक्षक भी बेकसूर निकले।
ये भी पढ़ें - Rampur : आधुनिक तकनीक के साथ शुरू होगी रामपुर की आर्यभट्ट नक्षत्रशाला, मंत्री अनिल कुमार ने किया निरीक्षण
