पीलीभीत: संपत्ति की रखवाली के लिए सर्दी में बुजुर्ग व्यापारी ने सड़क पर डाला डेरा, परिवार को अनहोनी का डर सताया 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार: विवादित गोदाम में चोरी की घटना को लेकर कोतवाली पुलिस की जांच चल रही है। पुलिस इसे संदिग्ध मान रही है। वहीं, गोदाम का मुख्य गेट टूटने के बाद भीतर रखे सामान की चिंता पीड़ित पक्ष को सता रही है। पुलिस पर कार्रवाई न करने समेत कई आरोप लगाए गए हैं। कड़ाके की सर्दी के बीच बुजुर्ग व्यापारी गोदाम के सामने रखवाली के लिए चारपाई डालकर पन्नी के नीचे डेरा जमाए हुए है। जिससे मामला चर्चा का विषय बना है। 

शहर के मोहल्ला पूरनमल के रहने वाले सत्तर वर्षीय उमेश चंद्र अग्रवाल ने बीते दिनों कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उनकी जाटो चौराहा के पास दुकान है। मोहल्ला सरफराज खां में उनका एक गोदाम बना है। जिसमें लाखों का सामान भरा हुआ है। भाई से बंटवारे को लेकर विवाद भी चल रहा है।

आरोप लगाया था कि शुक्रवार रात उनके गोदाम का ट्रैकटर ट्रॉली से गेट तोड़ा गया और करीब दस लाख कीमत का सामान चोरी कर लिया गया।  सीसीटीवी कैमरे में भी ट्रैक्टर ट्रॉली ले जाते फुटेज कैद हुई थी। उनका कहना है कि पुलिस इस मामले को महज ट्रॉली की टक्कर से गेट टूटना बता रही है।

ये भी आरोप है कि जिस वक्त चोरी हुई उस वक्त भी दूसरे पक्ष की कार चौराहा के पास देखी गई थी। अभी भी  गोदाम में काफी सामान रखा हुआ है। चूंकि गोदाम का गेट टूटा है, ऐसे में एक पक्ष से बुजुर्ग कड़ाके की सर्दी के बीच गोदाम के सामने सड़क पर ही चारपाई डालकर रातभर जागने को मजबूर है। परिवार के सदस्यों ने विवाद की रंजिश में हमला होने या फिर सामान गायब करने की आशंका जताई है। उ

नका यह भी कहना है कि साठगांठ के चलते उनकी सुनवाई नहीं हो पा रही है। अब कड़ाके की सर्दी के बीच गोदाम में रखे सामान की रखवाली के लिए बुजुर्ग सड़क पर ही चारपाई डालकर  रातभर निगरानी कर रहा है। इधर, परिवार वालों का कहना है कि गोदाम के सामने सड़क पर रहते हुए उनके पिता पर हमला किया जा सकता है। साथ ही गोदाम में रखा सामान खुर्दबुर्द करने की भी आशंका जताई है। इसे लेकर पुलिस अधिकारियों से जांच कराकर न्याय की गुहार लगाई है।

गेट निर्माण के प्रयास पर फिर हुए आमने-सामने
विवादित गोदाम में रविवार को एक पक्ष की ओर से गेट का निर्माण शुरू कराया गया। इस पर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताते हुए पुलिस से शिकायत की।  कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और काम रुकवा दिया। पुलिस ने दोनों तरफ से एक-एक व्यक्ति का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। इस पर  उमेश चंद्र अग्रवाल पक्ष ने एक दरोगा पर दूसरे पक्ष से साठगांठ व अभद्रता करने का भी आरोप लगाया है।

गोदाम में हुई चोरी के मामले की अभी जांच चल रही है। ट्रैक्टर ट्रॉली सीसीटीवी फुटेज में खाली जाती हुई दिखी है। ट्रैक्टर चालक को ट्रेस करने के लिए छानबीन चल रही है। गोदाम का गेट निर्माण कराए जाने पर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई थी। इस पर पुलिस मौके पर गई थी। दो लोगों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया। अभी जांच चल रही है- राजीव कुमार सिंह, सदर कोतवाल।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: ग्राम पंचायत में बैठक कराई न टेंडर प्रक्रिया...शर्तों का पालन भी भूले जिम्मेदार, प्रधान को नोटिस

संबंधित समाचार