Bahraich News : प्रदेश के टॉप 50 माफियाओं की सूची में शामिल गब्बर सिंह पर फर्जी पासपोर्ट बनवाने की प्राथमिकी
बहराइच, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के टॉप 50 माफियाओं की सूची में शामिल कई जनपदों में हत्या, लूट, डकैती, हेराफेरी, धोखाधड़ी जैसे लगभग 60 मुकदमों के आरोपी शहर के मोहल्ला रायपुर राजा निवासी माफिया और उसके अज्ञात साथियों पर धोखाधड़ी से पासपोर्ट बनवाने का मुकदमा दर्ज हुआ है। माफिया गब्बर सिंह इस समय जेल में बंद है।
दरगाह शरीफ थाना के शिवनगर गोंडा रोड निवासी सुधा मातनहेलिया ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि पयागपुर थाना क्षेत्र के मोहनापुर माफी गांव निवासी देवेंद्र सिंह उर्फ गब्बर हाल पता देहात कोतवाली रायपुर राजा प्रदेश का टाप माफिया है और उस पर कई मुकदमें दर्ज है। वर्ष 2017 में गब्बर ने कागजों में हेराफेरी करके गलत तथ्यों को दर्शाते हुए फर्जी पासपोर्ट बनवा लिया और वर्ष 2019 में इसी पासपोर्ट के आधार पर अपने साथियों के साथ बैंकाक गया था।
वहीं पर अपना ठिकाना बनाकर विदेश से गैंग संचालित करना चाहता है और उनकी अरबों रुपये की संपत्ति को हड़पने के चक्कर में वहीं से शूटर्स के माध्यम से उनकी व उनके बेटी की हत्या करवा सकता है। माफिया उनके पति अरुण का बीते समय में अपहरण कर चुका है, जिसका मुकदमा भी दर्ज है। माफिया के फर्जी पासपोर्ट को रद्द करने के साथ ही उस पर एनएसए के तहत कार्रवाई किए जाने की मांग की। एसपी के आदेश पर देहात पुलिस ने गब्बर पर केस दर्ज किया है। मालूम हो कि गब्बर ने जिले के पयागपुर विकास खंड क्षेत्र से जिला पंचायत का चुनाव भी जीता था।
यह भी पढ़ें- Lucknow News : सेल्सगर्ल के साथ दुष्कर्म का प्रयास, कैशियर समेत दो पर रिपोर्ट
