उत्तरकाशीः भूकंप के झटके, एक सप्ताह में तीसरी बार दहशत का माहौल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उत्तरकाशी, अमृत विचार। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद मुख्यालय में बुधवार की दोपहर फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे इलाके में एक बार फिर दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, आज दोपहर करीब 3:28 बजे भूकंप का झटका महसूस हुआ, जिसकी तीव्रता रिएक्टर स्केल पर 2.7 मापी गई। भूकंप का केंद्र अस्सी गंगा के कफलों में था, जो धरती से लगभग पांच किलोमीटर नीचे स्थित था।

एक सप्ताह में तीन दिन लगातार आए भूकंप के झटकों ने स्थानीय निवासियों को चिंता में डाल दिया है। शुक्रवार को भी उत्तरकाशी में तीन बार भूकंप के झटके महसूस हुए थे, जिससे लोगों में भय व्याप्त हो गया था। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, इस महीने राज्य में अन्य स्थानों पर भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। 10 जनवरी को बागेश्वर जिले में रात एक बजे के आसपास 2.2 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके अलावा, उत्तरकाशी में 7:41 पर 2.7 तीव्रता का और फिर 8:19 पर 3.5 तीव्रता का झटका महसूस हुआ था। स्थानीय लोगों के अनुसार, पौने ग्यारह बजे भी झटके महसूस किए गए थे।

स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और भूकंप के दौरान सुरक्षा उपायों का पालन करने की अपील की है। ऐसे लगातार भूकंप के झटकों से लोग भयभीत हैं, और इस घटनाक्रम ने एक बार फिर उत्तराखंड में भू-गतिकीय गतिविधियों की बढ़ती चिंता को उजागर किया है।

संबंधित समाचार