लखीमपुर खीरी : गल्ला व्यापारी की जेब काटकर उचक्कों ने उड़ाए एक लाख रुपये
ई-रिक्शा पर सवार होकर तौल कांटा बनवाने जा रहा था व्यापारी
गोला गोकर्णनाथ/लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। नगर की अलीगंज रोड पर कोतवाली के निकट ई-रिक्शा सवार दो उचक्कों ने एक गल्ला व्यापारी की जेब काट ली और उसमें रखे एक लाख रुपये लेकर भाग निकले। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
कसबा फरधान निवासी बाबूराम गल्ला व्यापारी हैं। वह बाजारों में फड़ लगाकर गल्ला खरीदते और बेचते हैं। बाबूराम ने बताया कि बुधवार काे वह गल्ला लेकर उसे बेचने गोला की गल्ला मंडी गए थे। गल्ला बेचने के बाद उन्होंने एक लाख रुपये अपनी जेब में रख लिए। उनका तौल कांटा खराब था। उसे बनवाने के लिए वह ई-रिक्शा पर सवार होकर नगर की अलीगंज रोड से होते हुए मेन चौराहा पर जा रहे थे। आंबेडकर मूर्ति के निकट टूटी पुलिया के पास दो युवकों ने ई-रिक्शा रुकवा और उनके पास ही अगल-बगल में आकर बैेठ गए। कुछ दूर चलने के बाद दोनों आरोपी ई-रिक्शा से कूदकर भागने लगे। शक होने पर जब उन्होंने अपनी जेब देखी तो रुपये गायब देख उनके होश उड़ गए। वह जब तक ई-रिक्शा रुकवाते। तब तक दोनों युवक आंखों से ओझल हो गए। शोर शराबा होने पर तमाम लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित व्यापारी ने अज्ञात युवकों के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। कोतवाल चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। पुलिस व्यापारी की सूचना पर सीसीटीवी फुटेज आदि खंगाल रही है। जल्द ही पहचान कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी : श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली में गैस टैंकर टक्कर मारकर पलटा, एक की मौत, 13 घायल
