मुरादाबाद: दो पक्षों में संघर्ष, पथराव में अधिवक्ता समेत आठ जख्मी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार : कटघर थाना क्षेत्र में फिर संघर्ष हो गया। इस मर्तबा गांव भैंसिया में मामूली सी बात पर दो परिवारों में संघर्ष हुआ है। पत्थरबाजी और लाठी-डंडों से करीब आधा घंटे तक मारपीट होने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। संघर्ष में अधिवक्ता के परिवार के आठ लोग जख्मी हो गए हैं जिसमें महिलाएं भी शामिल हैं। आरोप है हमलावरों ने किशोरी को अगवा करने का प्रयास भी किया था।

पुलिस के मुताबिक भैंसिया गांव में रहने वाले अधिवक्ता हनीफ के भाई इकबाल शाम को घर लौट रहे थे। बाइक की झपट गांव के लड़के को लग गई थी। इसी बात से विवाद इतना गहराया कि मारपीट होने लगी और पथराव भी हुआ। आरोप है कि मुश्ताक के पुत्रों शमशाद आदि ने साथियों के साथ मिलकर अधिवक्ता हनीफ के भाई इकबाल के घर पर धावा बोल दिया।

हमलावरों ने पथराव किया और फिर घर में घुसकर लाठी-डंडों से परिवार की महिलाओं पर भी हमला कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक करीब आधा घंटे तक संघर्ष होता रहा। पथराव होने पर क्षेत्रवासी भागकर अपने घरों में घुस गए। गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना भी दे दी थी। पुलिस के पहुंचने पर इबले पक्ष के हमलावर मौके से भाग निकले।

इकबाल पुत्र हसनैन ने थाने में दी तहरीर में अवगत कराया है कि हमलावर घात लगाकर बैठे थे। शमशाद और मोहसिन ने तमंचा तानकर उसे रोका और मारपीट शुरू कर दी। वह बचाव के लिए घर की तरफ भागा तो इन्होंने साथियों के साथ लाठी-डंडों और सरियों से हमला किया। हमलावर घरों में घुस आए उनकी दो नाबालिग किशोरी के साथ बदतमीजी करने के लिए कमरे बंद करके कपड़े भी फाड़ दिए थे। उन्होंने शमशाद व मोहसिन के साथ मुनाजिर, नवाब, आसिफ, इरफान, जुबैद, अरमान, खुशबू आदि पर हमला करने का आरोप लगाया है।

चौकी काशीपुर तिराहा प्रभारी सोमपाल सिंह ने कहा है कि मामूली बात पर संघर्ष करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इकबाल पक्ष की तहरीर मिल गई है। उन्होंने कहा है कि इस मामले में पुलिस अपनी तरफ से भी बवाल करने की रिपोर्ट कराएगी। इसके लिए पुलिस टीम हमलावरों की पहचान कर रही है। उन्होंने कहा है कि अब तक दस हमलावरों की पहचान हो चुकी है। इस बीच अधिवक्ता हनीफ समेत हमले में जख्मी इकरार, भूरी, सीमा, फैजान, रुखसार, आजम, जुल्फिकार का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया है।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद : अपहरण किए गए 4 साल के बच्चे को पुलिस ने किया बरामद, सीडब्ल्यूसी के समक्ष कर दिया पेश

संबंधित समाचार