राष्ट्रीय खेल: डुएथलॉन के साथ ट्रायथलॉन प्रतियोगिता का समापन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार: 38वें राष्ट्रीय खेलों को लेकर प्रदेश के अलग-अलग शहरों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। शहर में भी 26 जनवरी से ट्रायथलॉन प्रतियोगिता के साथ राष्ट्रीय खेलों का आगाज हुआ। जिसका गुरुवार को समापन हो गया है। प्रतियोगिता के तहत गुरुवार को डुएथलॉन प्रतियोगिता हुई। सुबह लगभग 8:30 बजे से डुएथलॉन की पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता शुरु हुई जिसमें मणिपुर के दमदार खिलाड़ी सारंगबम अथोबा मैतेई ने 49:29 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ऑल इंडिया सर्विसेज के खिलाड़ी आदर्श एमएस ने 49:44 सेकंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया। तीसरे स्थान पर भी सर्विसेज के खिलाड़ी सपन पांचाल रहे जो 50:35 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीतने में सफल रहे। जबकि मणिपुर के तेलहीबा सोरम प्रतियोगिता के दौरान चोटिल हो गए जिस कारण वह स्पर्धा को पूरा नहीं कर पाए। वहीं, उत्तराखंड के संजय रावत स्विमिंग के 15 लैप पूरे नहीं कर पाने के कारण डिसक्वालिफाई हो गए। 

ट्रायथलॉन की व्यक्तिगत स्पर्धा में आदर्श एमएस साइकिलिंग के दौरान गिर गए थे जिस कारण वह पदक हासिल करने से चूक गए थे। डुएथलॉन में दो खिलाड़ियों ने सर्विसेज को पदक दिलाकर पिछली कसर पूरी की। इधर, डुएथलॉन में महिला वर्ग में मध्य प्रदेश की आद्या सिंह ने 56:43 मिनट के समय के साथ स्वर्ण, महाराष्ट्र की डॉली देवीदास पाटिल ने 57:28 मिनट के साथ रजत और महाराष्ट्र की ही मानसी विनोद मोहिते ने 59:54 मिनट के साथ कांस्य पदक जीता। जबकि तमिलनाडु की कीर्थि एस चोटिल होने के कारण स्पर्धा को पूरा नहीं कर पाए और गुजरात की प्राज्ञन्या मोहन और पुदुचेरी की पादला धोनिका प्रतियोगिता में भाग ही नहीं ले सकी।

संबंधित समाचार