कानपुर के पनकी में गैस में छुआ रोडवेज कर्मी की पत्नी का पल्लू, धू-धूकर जलने लगी...मौत: पांच दिन जिंदगी और मौत से जूझती रही
कानपुर, अमृत विचार। पनकी थानाक्षेत्र में घर में रोटी सेंकते समय रोडवेज कर्मी की पत्नी की साड़ी का पल्लू गैस में छू गया। वह जब तक कुछ समझ पाती तब तक आग ने तेजी पकड़ ली। साड़ी में आग लगने से वह धू-धूकर जलने लगी। इस दौरान चीख पुकार से अफरातफरी मच गई। आनन-फानन परिजनों ने महिला को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान पांच दिन बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पनकी के गंगागंज भाग-2 निवासी अशोक कुमार आजाद नगर डिपो में बस चालक चालक हैं। वह कानपुर से बहराइच बस चलाते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी 54 वर्षीय पत्नी सावित्री देवी गृहिणी थीं। बताया कि 25 जनवरी को वह बहराइच से रात 10 बजे लौटकर आए थे। थके होने के कारण वह पहली मंजिल में सोने चले गए। इसके बाद नीचे ग्राउंड फ्लोर पर उनकी मां तारा देवी, दिव्यांग बहन संगीता और बेटी क्षमा थी।
उन लोगों के खाना खाने के लिए पत्नी ने तकरीबन 10.30 बजे रोटी बनानी शुरू की। वह रोटी बना रही थी इसी दौरान साड़ी का पल्लू जलती गैस पर गिर गया। वह जब तक बुझाने की कोशिश करती तब तक आग ने देखते ही देखते पूरा चपेट में ले लिया। आग से वह ऊपरी हिस्से में पूरा जल गई।
चीखपुकार में परिजन भागे और गंभीर हालत में पास के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने 31 जनवरी की सुबह 7.30 मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। पनकी इंस्पेक्टर मानवेंद्र सिंह के अनुसार आग की चपेट में आने से महिला जल गई थी, उपचार के दौरान मौत हुई है। किसी प्रकार का कोई आरोप नहीं है।्र
