डाइविंग ने 15 साल में दिलाई नौकरी, रितिका ने झटका 11वां गोल्ड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार: कहते हैं, उम्र और कठिनाईयां किसी की कामयाबी के आगे बाधा नहीं बन सकती। यह सच कर दिखाया है, महाराष्ट्र के सोलापुर की रहने वाली 35 साल की रितिका ने। उनकी उम्र 35 साल और 4 साल का एक बच्चा है। रितिका ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में 3 मी. स्प्रिंग बोर्ड डाइविंग में गोल्ड मेडल झटका है। 

यह उनके छठे राष्ट्रीय खेलों का 11वां गोल्ड मेडल है। वह राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अभी तक कुल 36 गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। साथ ही, उन्होंने एशियन एज ग्रुप में सिल्वर मेडल जीता और वह कॉमनवेल्थ फाइनलिस्ट भी रह चुकी हैं। रितिका अपने खेल की बदौलत सबसे कम उम्र (15 साल) में नौकरी पाने वाली पहली खिलाड़ी हैं। 

रितिका के पति हरी प्रसाद भी खिलाड़ी हैं और राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं। दोनों वर्तमान में रेलवे में नौकरी करते हैं। पत्नी को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने कंपटीशन खेलना छोड़ दिया और 38वें राष्ट्रीय खेलों में खुद प्रतिभाग नहीं कर अपना पूरा फोकस पत्नी के खेल पर देने का निर्णय लिया। रितिका ने 1999 से 9 साल की उम्र में खेलना शुरू कर दिया था। 

संबंधित समाचार