पिता की मौत के बाद बेटे ने रची भूमि हड़पने की साजिश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार: एक भाई ने अपने दूसरे भाई पर पिता की मौत के बाद फर्जीवाड़ा व कूटरचित तरीके से पिता की भूमि अपने नाम करवाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर पिता की मौत के बाद मुख्तारनामा आम में हेराफेरी की और भूमि पर दावा ठोक दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


 जानकारी के अनुसार वार्ड 11 गोल मार्केट निवासी सुशील कुमार अरोरा ने बताया कि उसके पिता मोहन लाल के नाम गांव शिमला पिस्तौर में लगभग 1.4168 हेक्टेयर भूमि दर्ज है। 10 मार्च 2022 को उसके पिता का निधन हो गया था। 11 मार्च 2022 को भाई सुरेंद्र कुमार अरोड़ा भी दाह संस्कार में शामिल हुआ और सोशल मीडिया में पिता के भोग की सूचना भी प्रकाशित कराई। आरोप है कि 13 मार्च 2022 को पता चला कि भाई सुरेंद्र सिंह अरोरा, जोधा सिंह निवासी आदित्य बिहार रामेश्वरपुर, हरविंदर सिंह निवासी रामेश्वरपुर और प्रवीण सिंह निवासी अल्मोड़ा ने साजिशन पिता की मुख्तारनामा अपने पिता की सहमति के बिना निष्पादित करवा दी और सब रजिस्ट्रार कार्यालय में कूटरचित एवं षड्यंत्र के तहत भूमि अपने नाम रजिस्ट्री करवा ली।


जब सब रजिस्ट्रार में शिकायती पत्र दिया तो अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि भूमि किसी के नाम दर्ज नहीं होगी, जबकि पांच जुलाई को आरोपियों ने पिता की ओर से एक नोड्यूज भी जारी किया। जबकि पिता का निधन मार्च माह में हो गया था। इससे साफ हो गया कि सगे भाई सुरेंद्र सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर षड्यंत्र के तहत पिता की संपत्ति में हेराफेरी कर भूमि हड़पने की साजिश रची। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार