हल्द्वानीः राजस्थान के ट्रेडर ने ठगे 40 हजार, 1 साल बाद लिखा मुकदमा
हल्द्वानी, अमृत विचार : पुलिस की संवेदनहीनता की हद है। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति से 40 हजार रुपए की ठगी हो गई। वह ठगी के सुबूत लिए पुलिस थाने के चक्कर काटता रहा और पुलिस कार्रवाई के नाम पर उसे एक साल से भी अधिक वक्त तक टरकाती रही। मजबूर होकर जब उसने सीएम पोर्टल पर शिकायत की, तब पुलिस को भी मजबूरी में मुकदमा दर्ज करना पड़ा।
वार्ड 33 इंद्रानगर बनभूलपुरा निवासी नूरुल हसन पुत्र मसरूर हसन ने बताया कि वह ट्रेडिंग करते हैं और वैश्विक स्तर पर ट्रेडिंग के लिए उन्हें डॉलर की जरूरत होती है। वर्ष 2023 में उन्हें मेडिया राजसमंद जयपुर राजस्थान निवासी नवनीत सिंह पुत्र जालम सिंह के बारे में पता लगा, जो बेटगेट क्रिप्टो करेंसी एक्सचेंज करने का काम करता है। नूरुल का आरोप है कि उन्होंने फोन पर बात करने के बाद नवनीत को यूपीआई के जरिये 40803 हजार रुपए दिए। इन रुपयो को डॉलर में बदलना था, लेकिन इसके बाद न तो नवनीत ने यूएसडीटी भेजा और न ही रुपए लौटाए। जिसके बाद 15 दिसंबर 2023 को पीड़ित ने साइबर पुलिस को ऑन लाइन शिकायत भेजी, लेकिन पैसा वापस नहीं मिला।
फिर वह बनभूलपुरा पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस उसे कार्रवाई का भरोसा देती रही, लेकिन कार्रवाई नहीं की। नूरुक का कहना है कि जब बनभूलपुरा पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो उसने इसकी शिकायत सीएम पोर्टल पर की। अब जाकर मामले में मुकदमा दर्ज हुआ है। बनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
