नाबालिग बेटा भर रहा था बुलेट पर फर्राटा, पिता के नाम कटा चालान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार : पुलिस ने एक नाबालिग को बुलेट पर फर्राटा भरते पकड़ लिया। पड़ताल की तो पता लगा कि बुलेट उसके दोस्त के पिता की थी, लेकिन बुलेट उनके नाम पर भी नहीं थी। जिस पर पुलिस ने नाबालिग के पिता के नाम चालान काटा और बुलेट सीज कर दी। 
         

मल्ला काठोगादाम के एसआई दिलीप कुमार ने बताया कि शनिवार को गश्त के दौरान उन्होंने सेंट थेरेसा स्कूल के पास यूके 04 वाई 5754 बुलेट सवार को रोककर चेक किया। पता लगा बुलेट चला रहे सवार के पास न तो लाइसेंस था और न ही बुलेट के कागज। जांच की गई तो पता लगा कि चालक भी नाबालिग था।

पुलिस ने बुलेट चौकी में खड़ी कर दी और नाबालिग के पिता को मौके पर बुलाया। उन्होंने पुलिस को बताया कि बुलेट उनके बेटे के दोस्त के पिता की है। उन्होंने बुलेट किसी और से खरीदी थी, लेकिन अपने नाम पर ट्रांसफर नहीं कराई थी। जिस पर पुलिस ने नाबालिग के पिता का चालान काटा और बुलेट को सीज कर दिया।

संबंधित समाचार