डकैती में तीन पुलिसकर्मियों सहित 7 गिरफ्त में
देहरादून, अमृत विचार: राजधानी में एक व्यक्ति के साथ डकैती की घटना को अंजाम देने के आरोपी तीन पुलिसकर्मियों समेत 7 आरोपियों को थाना प्रेमनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर सस्ते में डॉलर दिलाने का झांसा देकर पीड़ित को अपने जाल में फंसाकर सौदे की रकम लेकर बुलाने और मौके पर पीड़ित को डरा धमका कर नोटों से भरा बैग लूटने का आरोप है। आरोपियों से 500 डॉलर और 2.30 लाख रुपए बरामद किए गए हैं।
एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने बताया कि थाना प्रेमनगर पर रविवार को आदर्श ग्राम, ऋषिकेश निवासी प्रॉपर्टी डीलर यशपाल सिंह असवाल ने तहरीर दी कि कुछ समय पूर्व उनकी मुलाकात कुंदन नेगी निवासी चमोली से हुई थी, जिसके द्वारा उन्हें बताया गया था कि उनके परिचित मोरी, उत्तरकाशी निवासी राजेश रावत, राजेश चौहान तथा राजकुमार चौहान के पास करीब 20000 डॉलर रखे हुए हैं, जिन्हें उसे कम दाम बदलवाना है। उक्त व्यक्ति द्वारा उन्हें विश्वास में लेते हुए उक्त डॉलर का सौदा करीब आठ लाख रुपए में तय कराया। बीती 31 जनवरी को कुंदन नेगी के कहने पर वह डॉलर का सौदा करने 7.50 लाख रुपए लेकर बालाजी मंदिर झाझरा के पास पहुचे, जहां उन्हें राजेश रावत, राजेश चौहान, राजकुमार चौहान तथा एक अन्य व्यक्ति हसीन उर्फ अन्ना मिला।
इस बीच आपस में बात करने के दौरान अचानक वहां दो व्यक्ति आ गए, जो अपने आप को पुलिस वाला बता रहे थे तथा उनमें से एक व्यक्ति वर्दी में तथा एक सादे वस्त्र में था। उनके द्वारा उन्हें डरा धमका कर उनके पास रखा रुपए का बैग छीन लिया तथा उनके साथ मारपीट और गली गलौज करते हुए उन्हें वहां से भगा दिया। इस दौरान उक्त व्यक्तियों द्वारा उन्हें उक्त रकम में से ढाई लाख रुपए वापस दिए गए। तहरीर पर थाना प्रेम नगर पर धारा 310(2)/61(2) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटना में शामिल 3 पुलिसकर्मियों सहित 7 अभियुक्तो को गिरफ्त में ले लिया। इनसे पूछताछ में घटना में शामिल 2 अन्य आरोपियों के नाम प्रकाश में आए हैं।
गिरफ्त में ये आरोपी
अब्दुल रहमान निवासी रुड़की हरिद्वार हाल तैनाती-आईआरबी-2 झाझरा प्रेमनगर देहरादून, सालम हुसैन निवासी देहरादून हाल तैनाती-आईआरबी-2 झाझरा प्रेमनगर, इकरार अली निवासी लक्सर हरिद्वार, हाल तैनाती थाना प्रेमनगर देहरादून, राजकुमार और राजेश रावत निवासी मोरी उत्तरकाशी, कुंदन नेगी निवासी चमोली और राजेश चौहान निवासी शिमला।
डीजीपी की सख्ती का असर
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने अपनी पहली बैठक में समस्त जनपद प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि नशे के कारोबार अथवा अवैध गतिविधियों में लिप्त पुलिसकर्मियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिसके अनुपालन में दो टूक निर्देश दिए गए कि अपराधी चाहे कोई भी हो, अपराध किया तो जेल जाना तय होगा।
